October 13, 2026 6:34 pm

October 13, 2026 6:34 pm

पंचकूला में आज गूंजेगी सूफी सरगम, डॉ. सतिंदर सरताज का लाइव कॉन्सर्ट शाम 7 बजे

दशहरा ग्राउंड में “हेरिटेज इंडिया टूर 2025-26” के तहत कार्यक्रम, 8 हजार दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
पंचकूला, 4 अप्रैल। पंचकूला आज सूफी संगीत की मधुर धुनों से सराबोर होने जा रहा है। मशहूर पंजाबी सूफी गायक Satinder Sartaaj अपने “हेरिटेज इंडिया टूर 2025-26” के तहत शनिवार शाम 7 बजे सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में लाइव प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

रात 10 बजे तक साउंड की अनुमति
एसडीएम चंद्रकांत कटारिया के अनुसार, कार्यक्रम के लिए रात 10 बजे तक साउंड परमिशन दी गई है। इस म्यूजिकल इवनिंग में करीब 8 हजार संगीत प्रेमियों के शामिल होने का अनुमान है। शो की टिकटें District by Zomato और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं।

150 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
हालांकि कार्यक्रम का संपूर्ण प्रबंधन एक निजी ग्रुप द्वारा किया जा रहा है, लेकिन बाहरी सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन के पास रहेगी। आयोजन स्थल पर लगभग 8 एंट्री और एग्जिट गेट बनाए गए हैं, जिनके बाहर करीब 150 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस भी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सक्रिय रहेगी।
एसडीएम ने बताया कि फिलहाल किसी भी मुख्य सड़क को बंद नहीं किया गया है। हालांकि कार्यक्रम के दौरान यदि किसी दिशा में ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है तो स्थिति के अनुसार अस्थायी रूप से ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है।

ड्यूटी मजिस्ट्रेट रखेंगे निगरानी
पूरे कार्यक्रम की निगरानी ड्यूटी मजिस्ट्रेट द्वारा की जाएगी, ताकि सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी तरह की चूक न हो।

फिरदौस के जिम्मे इवेंट मैनेजमेंट
इस हाई-प्रोफाइल कॉन्सर्ट के प्रबंधन की जिम्मेदारी ‘फिरदौस’ प्रोडक्शन के पास है, जो शो के साउंड सिस्टम, ग्राफिक्स और विजुअल इफेक्ट्स को संभालेगा। आयोजकों का दावा है कि दर्शकों को एक यादगार और शानदार अनुभव मिलेगा।

स्क्रीन पर भी मिलेगा लाइव अनुभव
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी, ताकि दूर बैठे लोग भी प्रस्तुति का पूरा आनंद ले सकें। साथ ही निजी सुरक्षा कर्मी सभी एंट्री-एग्जिट और अंदरूनी गेट्स पर मुस्तैद रहेंगे।
सूफी संगीत प्रेमियों के लिए यह शाम खास रहने वाली है, जहां सरताज की आवाज और शायरी का जादू पंचकूला के आसमान में गूंजेगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 6 4 7
Total Users : 429647
Total views : 685074

शहर चुनें