October 13, 2026 11:07 pm

October 13, 2026 11:07 pm

फरीदाबाद को मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात, जंक्शन सुधार से लेकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल तक कई घोषणाएं

विकसित फरीदाबाद रैली में सीएम का संबोधन, पेयजल, पार्किंग और आरआरटीएस पर फोकस

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 4 अप्रैल। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फरीदाबाद में आयोजित “धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली” को संबोधित करते हुए शहर के समग्र विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को आधुनिक और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए सरकार हर स्तर पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए प्रमुख जंक्शनों का चरणबद्ध सुधार किया जाएगा, जिससे यातायात सुचारु होगा और प्रदूषण में कमी आएगी।
पेयजल समस्या को लेकर उन्होंने कहा कि भूजल आधारित आपूर्ति की गुणवत्ता चुनौतियों को देखते हुए अपर गंगा नहर से फरीदाबाद तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।
जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पहले चरण में शहर के 50 कम्युनिटी सेंटरों और पार्कों में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। साथ ही सरकारी भवनों में भी वर्षा जल संचयन को अनिवार्य रूप से लागू किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद में “दिव्य नगर योजना” के तहत करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से नेचर पार्क विकसित किया जाएगा। इसके अलावा कन्वेंशन हॉल और लेबर कोर्ट के पास लगभग 3 एकड़ भूमि पर मल्टीलेवल पार्किंग के ऊपर आधुनिक बैंक्वेट हॉल का निर्माण किया जाएगा।
शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री ने ग्रेटर फरीदाबाद में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सेक्टर-8 में पीपीपी मोड पर एक आधुनिक मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित किया जाएगा। वहीं, आईएमटी सेक्टर-66 को एंटरटेनमेंट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां सिनेमा हॉल, होटल और मल्टीप्लेक्स जैसी सुविधाएं विकसित होंगी।
खेल और मनोरंजन सुविधाओं के विस्तार के तहत सेक्टर-12 के स्विमिंग पूल को भी पीपीपी मोड पर अपग्रेड कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों के लिए अतिरिक्त 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा करते हुए कहा कि हाल ही में स्वीकृत दिल्ली-गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा आरआरटीएस (नमो भारत कॉरिडोर) से क्षेत्र की कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी और फरीदाबाद आर्थिक रूप से और सशक्त बनेगा।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के लागू होने से फरीदाबाद के विकास को नई गति मिलेगी और शहर आधुनिक सुविधाओं से लैस होकर प्रदेश के अग्रणी शहरों में शामिल होगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 7 1 3
Total Users : 429713
Total views : 685168

शहर चुनें