October 12, 2026 11:40 pm

October 12, 2026 11:40 pm

पुणे में कांग्रेस के दिग्गज नेता सुरेश कलमाड़ी का निधन, 81 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

पूर्व केंद्रीय मंत्री, पूर्व सांसद और इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रहे कलमाड़ी, लंबी बीमारी से थे पीड़ित
पुणे (महाराष्ट्र): पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का मंगलवार तड़के 81 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे और पुणे के दीनानाथ मंगेशकर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कलमाड़ी ने सुबह करीब 3:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में उनके निधन की पुष्टि की गई।
पूर्व सांसद सुरेश कलमाड़ी के परिवार में उनकी पत्नी, एक विवाहित पुत्र, बहू, दो विवाहित बेटियां, दामाद और पोते-पोतियां हैं। जानकारी के अनुसार, उनका पार्थिव शरीर दोपहर 2 बजे तक पुणे के एरंडवाने स्थित उनके आवास ‘कलमाड़ी हाउस’ में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे नवी पेठ स्थित वैकुंठ स्मारक में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

राजनीतिक और प्रशासनिक सफर
सुरेश कलमाड़ी कांग्रेस शासनकाल में केंद्रीय मंत्री रहे और पुणे से सांसद भी चुने गए। वे पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की सरकार में केंद्रीय रेल राज्य मंत्री बने थे। इस दौरान उन्होंने रेल बजट भी प्रस्तुत किया था। राजनीति के साथ-साथ खेल प्रशासन में भी उनकी अहम भूमिका रही। वे इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन (IOA) के अध्यक्ष रह चुके थे और देश के प्रमुख खेल प्रशासकों में उनकी गिनती होती थी।

सेना से राजनीति तक का सफर
सुरेश कलमाड़ी का जन्म पुणे में हुआ था। उन्होंने 1960 के दशक में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में प्रवेश लिया और इसके बाद भारतीय वायुसेना में पायलट के रूप में भर्ती हुए। उन्होंने करीब छह वर्षों तक वायुसेना में सेवा दी और 1974 तक एनडीए में प्रशिक्षक के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने भारत-पाकिस्तान युद्ध 1965 और 1971 में भी सक्रिय भूमिका निभाई थी।

संजय गांधी के मार्गदर्शन में राजनीति में प्रवेश
कलमाड़ी को राजनीति में लाने का श्रेय संजय गांधी को दिया जाता है। उन्होंने कुछ समय तक महाराष्ट्र युवा कांग्रेस का नेतृत्व किया और फिर 1982 में राज्यसभा सदस्य बने। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। 1996 में वे भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष बने और खेल जगत में भी प्रभावशाली भूमिका निभाई।
सुरेश कलमाड़ी के निधन से कांग्रेस पार्टी, खेल जगत और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 3 4 2
Total Users : 429342
Total views : 684627

शहर चुनें