10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर निकिता गोयल को विजयी बनाएं, भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करने वाली पार्टी
उकलाना में भाजपा के पक्ष में एकतरफा माहौल, प्रदेश सरकार ने डेढ़ साल में 63 संकल्प पूरे किए
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उकलाना नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभाओं को किया संबोधित
10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर चेयरमैन प्रत्याशी निकिता गोयल को भारी बहुमत से विजयी बनाने का किया आह्वान
बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
उकलाना 7 मई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को उकलाना नगर पालिका चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की चेयरमैन प्रत्याशी निकिता गोयल के समर्थन में विभिन्न जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने कबीर छात्रावास, रविदास भवन, रावती फिलिंग स्टेशन के समीप तथा अशोक गर्ग के निवास स्थान पर आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने चुनावी संकल्पों को पूरा करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में 217 संकल्पों में से 63 संकल्प पूरे कर लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में स्थानीय निकाय चुनावों में कमल के फूल के पक्ष में एकतरफा माहौल बना हुआ है।
मुख्यमंत्री ने उकलाना की जनता से 10 मई को कमल के फूल का बटन दबाकर भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद उकलाना में भी ट्रिपल इंजन सरकार बनेगी, जिससे क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तीन गुना बढ़ जाएगी।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सरकार ने अपने वायदे के अनुरूप पहले 25 हजार युवाओं को नौकरी पर ज्वाइन करवाया और उसके बाद मंत्रिमंडल ने शपथ ग्रहण की। मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत एवं चिरायु योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के लगभग डेढ़ करोड़ लोग इन योजनाओं से जुड़े हैं तथा करीब 27.5 लाख लोगों का मुफ्त इलाज कराया जा चुका है। इस पर सरकार लगभग 4 हजार करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। किडनी रोग से पीड़ित मरीजों के लिए डायलिसिस की सुविधा पूरी तरह नि:शुल्क की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने चुनावी वायदे के अनुसार गरीब परिवारों की महिलाओं को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने की योजना लागू की है। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना के बजट को 4 हजार करोड़ रुपये से बढ़ाकर 6500 करोड़ रुपये किया गया है। योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 1 लाख 60 हजार मकान बनाकर दिए गए हैं। जिन परिवारों के पास मकान बनाने के लिए भूमि नहीं है, उन्हें प्लॉट उपलब्ध करवाने का कार्य भी सरकार द्वारा किया जा रहा है। पात्र परिवारों को गांवों में 100 गज तथा शहरों में 30 गज के प्लॉट दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा सरकार किसान, गरीब, महिला और युवा सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उकलाना शहर में पेयजल, अंडरपास तथा गलियों से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली ने कहा कि भाजपा सरकार ने हरियाणा में ऐतिहासिक विकास कार्य किए हैं। उन्होंने उकलाना की जनता से नगर पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने से विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, विधायक विनोद भयाना, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेड़ड़, पूर्व मंत्री अनूप धानक, सुरेंद्र आर्य, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, रणधीर धीरू, प्रदेश सचिव कैप्टन भूपेंद्र, श्रीनिवास गोयल, मेयर प्रवीण पोपली, जिप चेयरमैन सोनू सिहाग, रविंद्र बलियाला, जोगीराम सिहाग, अशोक मित्तल, लक्ष्मण नापा, रवि सैनी, अनिल सैनी मानी, चंद्रप्रकाश बोस्ती, मीडिया प्रभारी राजेंद्र सपरा सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













Total Users : 323582
Total views : 540308