विदेशी गैंगस्टरों शगनप्रीत और डोनी बाल के नेटवर्क पर चंडीगढ़ पुलिस का बड़ा प्रहार, तीन ऑटोमैटिक हथियार बरामद
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 16 मई 2026। चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने पंजाब यूनिवर्सिटी शूटिंग और लूटपाट मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी विदेशी गैंगस्टर शगनप्रीत सिंह और डोनी बाल के करीबी शूटर बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अत्याधुनिक ऑटोमैटिक पिस्टल और 16 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई डीजीपी यूटी चंडीगढ़ सागरप्रीत हुड्डा के निर्देश और आईजीपी पुष्पेंद्र कुमार, डीआईजी राजीव रंजन सिंह, एसएसपी कंवरदीप कौर तथा एसपी ऑपरेशन गीतांजलि खंडेलवाल की निगरानी में ऑपरेशन सेल की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव उर्फ गोला निवासी अमृतसर, रजत उर्फ गुड्डा निवासी अमृतसर, रवि निज्जर उर्फ काली निवासी सिरसा और आर्यन निवासी अमृतसर के रूप में हुई है।
पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू प्रधान को निशाना बनाने पहुंचे थे आरोपी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि सभी आरोपी विदेशी गैंगस्टर शगनप्रीत सिंह के निर्देश पर पंजाब यूनिवर्सिटी में सोपू प्रधान जशन जवांधा पर हमला करने पहुंचे थे। वारदात के बाद आरोपी यूनिवर्सिटी के पिछले गेट से फरार हुए और मंदिर के पास एक व्यक्ति से बंदूक की नोक पर बुलेट मोटरसाइकिल छीनकर मोहाली की ओर भाग निकले।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया एप्लीकेशनों के जरिए विदेश में बैठे गैंगस्टरों के लगातार संपर्क में थे और उन्हें क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे भेजे जाते थे।
कई सनसनीखेज मामलों का खुलासा
चंडीगढ़ पुलिस ने दावा किया है कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी से पंजाब के कई बड़े मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें गोपी निज्जर हत्याकांड, अमृतसर में 12वीं कक्षा के छात्र अमरजोत सिंह की हत्या और खन्ना में आढ़ती पर फायरिंग का मामला शामिल है।
पुलिस के मुताबिक खन्ना फायरिंग मामले में गौरव उर्फ गोला ने खुलासा किया कि उसने साथी सोनू उर्फ शंगा के साथ मिलकर कमीशन एजेंट की दुकान की रेकी की थी और बाद में वहां फायरिंग की गई।
वहीं गोपी निज्जर हत्याकांड में आरोपियों ने विदेशी गैंगस्टरों के निर्देश पर हमला कर हत्या को अंजाम दिया था।
अमरजोत मर्डर केस में भी अहम खुलासा
पूछताछ में रजत उर्फ गुड्डा ने बताया कि 3 मई 2025 को शगनप्रीत सिंह के निर्देश पर वह अपने भाई आर्यन और साथी बॉबी के साथ वारदात को अंजाम देने गया था। रास्ते में टारगेट की सूचना मिलने के बाद पहले उसने गोली चलाई और फिर बॉबी ने कई राउंड फायर किए, जिससे छात्र अमरजोत सिंह की मौत हो गई।
सेक्टर-26 से पकड़ा गया एक और गैंग सदस्य
ऑपरेशन सेल ने गैंग के एक अन्य सक्रिय सदस्य आर्यन को सेक्टर-26 स्थित पैन एशियन एक्सपीरियंस क्लब के पीछे से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक ऑटोमैटिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आया था।
पुलिस ने बताया बड़ी आपराधिक घटना टली
चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी से शहर में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया है। पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों, फंडिंग नेटवर्क और विदेशी कनेक्शन की जांच कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से हत्या, एनडीपीएस और हिंसक अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।













Total Users : 323387
Total views : 540039