बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पंचकूला, 25 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को पंचकुला स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचे, जहां हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित पुलिस भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने आए अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से उन्होंने सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री के अचानक दौरे से अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्टेडियम परिसर में पहुंचकर भर्ती प्रक्रिया की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अभ्यर्थियों से उनकी तैयारियों, परीक्षा अनुभव तथा प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से बातचीत की। उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री अभ्यर्थियों के बीच सहज अंदाज में पहुंचे और कई युवाओं से व्यक्तिगत रूप से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पूछा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा तो नहीं हो रही और प्रशासन द्वारा किए गए इंतजाम किस प्रकार के हैं। अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रशासन की ओर से बैठने, पेयजल, छाया और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएमटी साइट के बाहर बनाए गए रेस्ट एरिया का भी निरीक्षण किया। यहां भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं के परिजनों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद अभिभावकों और परिजनों से भी बातचीत की और व्यवस्थाओं को लेकर उनकी राय जानी।

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर छात्र और अभ्यर्थी काफी उत्साहित दिखाई दिए। कई युवाओं और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फियां लीं और उनसे बातचीत कर अपनी खुशी जाहिर की। पूरे स्टेडियम परिसर में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
राज्य सरकार का यह दौरा युवाओं के मनोबल को बढ़ाने वाला माना जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने अभ्यर्थियों में विश्वास और उत्साह का संचार किया। प्रशासनिक अधिकारियों को भी मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।













Total Users : 333266
Total views : 554035