November 15, 2026 10:44 pm

November 15, 2026 10:44 pm

टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में हरियाणा पुलिस का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम, भारतीय टीम ने जीते तीन कांस्य पदक

जॉर्डन में आयोजित 5वें आईटीपीएफ टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में 10 देशों की टीमों ने लिया हिस्सा, भारतीय खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन से बढ़ाया देश का गौरव

हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर किया प्रदेश को गौरवान्वित

हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय कोच के रूप में संभाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी, खिलाड़ियों को दिया प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन

असम राइफल्स के दिनेश कार्लेकर ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में जीते दो कांस्य पदक, भारतीय टीम ने कुल तीन कांस्य पदक किए अपने नाम

डीजीपी अजय सिंघल ने खिलाड़ियों और कोच को दी बधाई, कहा- खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन पुलिसकर्मियों की प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक

बाबूगिरी न्यूज़
चंडीगढ़, 15 नवंबर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर हरियाणा पुलिस ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का परिचय दिया है। जॉर्डन के अकाबा में 11 से 14 नवंबर 2026 तक आयोजित 5वें आईटीपीएफ टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हरियाणा पुलिस की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार ने भारतीय टीम के खिलाड़ी के रूप में देश का प्रतिनिधित्व किया, जबकि हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय कोच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

10 देशों की टीमों के बीच भारतीय खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

5वें आईटीपीएफ टेंट पेगिंग वर्ल्ड कप में भारत सहित जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान, कतर, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, सूडान और यमन की टीमों ने भाग लिया। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने टेंट पेगिंग की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा, घुड़सवारी कौशल, सटीक निशानेबाजी और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने भी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए तीन कांस्य पदक हासिल किए।

हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किया देश का प्रतिनिधित्व

भारतीय टीम में हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार का चयन प्रदेश पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में भाग लेकर देश का प्रतिनिधित्व किया। उनकी सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा पुलिस के जवान कानून-व्यवस्था एवं पुलिसिंग की जिम्मेदारियों के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

राष्ट्रीय कोच के रूप में एचसी सुरेश कुमार की रही अहम भूमिका

हरियाणा पुलिस के हेड कांस्टेबल सुरेश कुमार ने भारतीय टेंट पेगिंग टीम के राष्ट्रीय कोच के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने, उनकी तकनीकी दक्षता को निखारने तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए तैयार करने में उनका योगदान सराहनीय रहा। राष्ट्रीय कोच के रूप में उनकी जिम्मेदारी हरियाणा पुलिस की खेल प्रतिभा और विशेषज्ञता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान को भी दर्शाती है।

विभिन्न सुरक्षा बलों के खिलाड़ियों से सजी थी भारतीय टीम

भारतीय दल में सेना, असम राइफल्स, आईटीबीपी और हरियाणा पुलिस के खिलाड़ी शामिल रहे। छह सदस्यीय भारतीय टीम में असम राइफल्स के दो, भारतीय सेना के दो, आईटीबीपी का एक तथा हरियाणा पुलिस का एक खिलाड़ी शामिल था। टीम के कप्तान धनराज रहे। टीम में बोनगे गणेश, संदीप कुमार, दिनेश कार्लेकर, एएसआई जितेंद्र कुमार और आईटीबीपी के अमित छेत्री सहित अन्य खिलाड़ी शामिल थे। हरियाणा पुलिस के एचसी सुरेश कुमार ने राष्ट्रीय कोच के रूप में टीम का मार्गदर्शन किया।

दिनेश कार्लेकर और अमित छेत्री ने पदक जीतने में निभाई अहम भूमिका

प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ी दिनेश कार्लेकर ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं में दो कांस्य पदक हासिल किए, जबकि आईटीबीपी के अमित छेत्री भी कांस्य पदक विजेता टीम के सदस्य रहे। भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।

डीजीपी अजय सिंघल ने दी बधाई, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता दोहराई

इस उपलब्धि पर हरियाणा पुलिस के डीजीपी श्री अजय सिंघल ने भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों और कोच को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना प्रत्येक खिलाड़ी के लिए गर्व और सम्मान की बात है। भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट खेल कौशल से देश का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा पुलिस के एएसआई जितेंद्र कुमार का भारतीय टीम में प्रतिनिधित्व करना तथा एचसी सुरेश कुमार का राष्ट्रीय कोच के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाना पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है।
डीजीपी ने कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करती है। पुलिसकर्मियों की खेलों में उपलब्धियां न केवल विभाग की सकारात्मक छवि को मजबूत करती हैं, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों और युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा पुलिस के खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।

कमांडेंट भारती डबास के मार्गदर्शन में भोंडसी में हुई विशेष ट्रेनिंग, खिलाड़ियों को उपलब्ध करवाया गया आवश्यक सहयोग एवं संसाधन

कमांडेंट भारती डबास, 4th HAP ने कहा कि हरियाणा पुलिस की टेंट पेगिंग टीम के खिलाड़ियों ने भोंडसी में प्रतियोगिता से पूर्व विशेष अभ्यास एवं प्रशिक्षण किया था। इस दौरान 4th HAP, मधुबन की ओर से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं, संसाधन एवं अन्य लॉजिस्टिक सहयोग उपलब्ध करवाया गया। खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के अनुरूप तैयार करने तथा उनके खेल कौशल और तकनीकी दक्षता को निखारने पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम द्वारा तीन कांस्य पदक जीतना सभी खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने पूरी टीम को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 5 4 7 8 6
Total Users : 454786
Total views : 719801

शहर चुनें