बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 26 मई: शहर के बुड़ैल गांव में सोमवार शाम हुए सिलेंडर ब्लास्ट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एक ही घर में लगातार तीन धमाके होने से तीन मंजिला मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि आसपास के मकानों में भी दरारें आ गईं। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार जिस मकान में धमाके हुए, वहां करीब 15 गैस सिलेंडर रखे गए थे। आशंका जताई जा रही है कि सिलेंडरों में गैस भरने के दौरान रिसाव हुआ, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हो गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान में अवैध रूप से गैस का कारोबार चल रहा था और ब्लैक में गैस बेची जाती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहला धमाका होते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग संभल पाते उससे पहले दो और धमाके हो गए। विस्फोट इतने तेज थे कि दूर-दूर तक आवाज सुनाई दी और आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और सीआरपीएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में गैस रिसाव को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है, वहीं अवैध गैस कारोबार के एंगल से भी जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अवैध गैस कारोबार पर समय रहते कार्रवाई होती तो इस बड़े हादसे को टाला जा सकता था।













Total Users : 333364
Total views : 554177