बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
पानीपत, 27 मई: हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पानीपत के थाना किला में तैनात थाना प्रभारी (SHO) सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना SV&ACB करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत FIR नंबर 08, दिनांक 26.05.2026 दर्ज की गई है।
क्या था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को शिकायत दी थी कि थाना किला में तैनात SHO सुरेश कुमार दो अलग-अलग शिकायतों के निपटारे के बदले उससे रिश्वत की मांग कर रहा था। इनमें एक शिकायत स्वयं शिकायतकर्ता व उसके वकील के खिलाफ थी, जिसकी जांच थाना किला के हेड कांस्टेबल मनोज द्वारा की जा रही थी, जबकि दूसरी शिकायत उसके मित्र मोनिस के खिलाफ थी, जो सब इंस्पेक्टर महावीर को मार्क की गई थी।
शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी SHO इससे पहले भी शिकायतकर्ता से उसके मित्र मोनिस से संबंधित एक अन्य शिकायत के निपटारे के बदले 3 हजार रुपये रिश्वत के रूप में ले चुका था। इसके बाद आरोपी ने दोबारा 10 हजार रुपये की मांग की।
शिकायत की पुष्टि के उपरांत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, पानीपत की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
ट्रैप के दौरान SV&ACB पानीपत की टीम ने थाना किला परिसर में ही SHO सुरेश कुमार को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।












Total Users : 376149
Total views : 613179