June 5, 2026 8:53 am

June 5, 2026 8:53 am

CHANDIGARH NEWS: नाम बड़ा दर्शन छोटे: चंडीगढ़ सेक्टर-17 AADHAAR ऑफिस में लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी, एसी में अधिकारी और बाहर खुले बरामदे में भीड़

महिला व छोटे बच्चे गर्मी में परेशान, नही हो रही सुनवाई
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 27 मई। पंजाब व हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित यूआईडीएआई (UIDAI) रीजनल आधार ऑफिस में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जहां एक तरफ भीषण गर्मी में लोग अपने आधार से जुड़ी समस्याओं को लेकर घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर कार्यालय के भीतर अधिकारी एसी में काम करते नजर आ रहे हैं।

oplus_131074

खुले बरामदे में घंटों इंतजार, न पंखा न कूलर
ऑफिस के बाहर बने खुले बरामदे में आधार अपडेट व सुधार के लिए आए महिला, पुरुष, युवक व युवतियां घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते देखे जा रहे हैं।
यहां न तो पर्याप्त बैठने की व्यवस्था है, न पंखे, न कूलर और न ही पीने के पानी की उचित सुविधा।
भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग खुले में खड़े रहने या बैठने को मजबूर हैं, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अंदर अधिकारी, बाहर जनता परेशान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां अधिकारी कार्यालय के अंदर एसी कमरों में कार्य कर रहे हैं, वहीं बाहर से आए लोग तेज धूप और गर्मी में बेहाल हैं। लोगों का कहना है कि उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

6 राज्यों से आते हैं लोग
जानकारी के अनुसार यह UIDAI रीजनल ऑफिस पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख सहित कुल 6 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के आधार संबंधी कार्यों को देखता है।
यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आधार में सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट और अन्य सेवाओं के लिए पहुंचते हैं।

सोमवार- मंगलवार को सबसे ज्यादा भीड़
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार और मंगलवार को यहां सबसे अधिक भीड़ रहती है। इस दौरान लोगों को न तो बैठने की जगह मिलती है और न ही खड़े होने तक की पर्याप्त सुविधा।

गुरदासपुर से आए नागरिक की आपबीती
गुरदासपुर (पंजाब) से आए गुरनाम सिंह ने बताया कि वे अपनी बेटी का आधार अपडेट करवाने के लिए सुबह करीब 5 बजे घर से निकले थे।
उन्होंने कहा कि गुरदासपुर में काम न होने के कारण उन्हें चंडीगढ़ आना पड़ा, लेकिन यहां भी उन्हें घंटों खुले बरामदे में गर्मी में इंतजार करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर कर्मचारियों द्वारा काम रुक जाने की बात कही जाती है, जिससे लोग डर के कारण चुपचाप इंतजार करने को मजबूर हैं।

प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
स्थानीय लोगों ने चंडीगढ़ प्रशासन और UIDAI से मांग की है कि यहां जल्द से जल्द पीने के पानी, कूलर, पंखे और बैठने की उचित व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
साथ ही लोगों ने कहा कि चंडीगढ़ उपायुक्त द्वारा गर्मी को देखते हुए जारी एडवाइजरी के बावजूद इस कार्यालय में व्यवस्था नहीं दिख रही है।

आधिकारिक पक्ष
इस मामले में UIDAI के निदेशक जगदीश कुमार ने बताया कि यह रीजनल ऑफिस 6 राज्यों से आने वाले लोगों की सेवाओं से जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि लोगों की बढ़ती भीड़ और परेशानी को देखते हुए जल्द ही यहां बैठने की उचित व्यवस्था, पीने के पानी, कूलर और पंखों की व्यवस्था की जाएगी।
लोगों की मांग है कि जल्द सुधार किया जाए, ताकि आधार जैसी जरूरी सेवाओं के लिए आने वाले नागरिकों को भीषण गर्मी में परेशान न होना पड़े।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 3 7 0
Total Users : 333370
Total views : 554184

शहर चुनें