June 5, 2026 8:30 am

June 5, 2026 8:30 am

हरियाणा के 23 जिलों में 7 जगह महिला IAS अधिकारी संभाल रहीं DC की जिम्मेदारी

4 जिलों में HCS से प्रमोट होकर IAS बने अधिकारी, 3 जिलों में नॉन-HCS कोटे से बने आईएएस तैनात — एडवोकेट हेमंत कुमार

रमेश गोयत
चंडीगढ़, 27 मई। हरियाणा सरकार द्वारा हाल ही में किए गए प्रशासनिक फेरबदल के बाद प्रदेश में महिला आईएएस अधिकारियों की जिला उपायुक्त (डीसी) के रूप में तैनाती का आंकड़ा बढ़ गया है। अब हरियाणा के 23 जिलों में से 7 जिलों में महिला आईएएस अधिकारी डीसी पद की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने बताया कि ताजा तबादलों में 2013 बैच की आईएएस अधिकारी मंदीप कौर को चरखी दादरी तथा 2017 बैच की डॉ. वैशाली शर्मा को जींद जिले का डीसी नियुक्त किया गया है। इससे पहले 18 मई को 2018 बैच की आईएएस अधिकारी वर्षा खंगवाल को झज्जर जिले का उपायुक्त लगाया गया था।

इनके अलावा यमुनानगर में 2015 बैच की प्रीति, सोनीपत में 2015 बैच की नेहा सिंह, कैथल में 2018 बैच की अपराजिता तथा महेंद्रगढ़ (नारनौल) में 2018 बैच की अनुपमा अंजलि डीसी पद पर कार्यरत हैं। हेमंत कुमार के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश के कुल जिलों के लगभग एक-तिहाई हिस्से में महिला आईएएस अधिकारी उपायुक्त के रूप में तैनात हैं।
उन्होंने बताया कि इन सात महिला अधिकारियों में से मंदीप कौर और वर्षा खंगवाल हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) से प्रमोट होकर आईएएस बनी हैं।

हेमंत कुमार ने कहा कि किसी भी आईएएस अधिकारी की प्राथमिक इच्छा जिला उपायुक्त बनने की होती है, चाहे वह यूपीएससी की सीधी भर्ती से चयनित हुआ हो, राज्य सिविल सेवा से पदोन्नत होकर आया हो या नॉन-स्टेट सिविल सर्विस कोटे से आईएएस बना हो।
उन्होंने मौजूदा रिकॉर्ड के अध्ययन के आधार पर बताया कि हरियाणा के 23 जिलों में से 4 जिलों में एचसीएस से प्रमोट होकर आईएएस बने अधिकारी डीसी के पद पर तैनात हैं, जबकि 3 जिलों में नॉन-एचसीएस कोटे से चयनित आईएएस अधिकारी उपायुक्त हैं। बाकी 16 जिलों में यूपीएससी के माध्यम से सीधे चयनित आईएएस अधिकारी डीसी के रूप में कार्यरत हैं।

हेमंत कुमार के अनुसार चरखी दादरी, हिसार, झज्जर और पंचकूला में एचसीएस से प्रमोट होकर आईएएस बने अधिकारी डीसी पद पर तैनात हैं। इनमें चरखी दादरी में मंदीप कौर, हिसार में महेंद्र पाल, पंचकूला में सतपाल शर्मा और झज्जर में वर्षा खंगवाल शामिल हैं।
वहीं फतेहाबाद, पानीपत और पलवल जिलों में नॉन-एचसीएस कोटे से आईएएस बने अधिकारी उपायुक्त के रूप में कार्यरत हैं। इनमें फतेहाबाद में डॉ. विवेक भारती, पानीपत में डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ तथा पलवल में डॉ. जेन्द्र कुमार छिल्लर तैनात हैं। ये सभी अधिकारी अक्टूबर 2022 में नॉन-एचसीएस कोटे से आईएएस बने थे।

हेमंत कुमार ने यह भी बताया कि देश के कई राज्यों में सामान्यतः 9 से 16 वर्ष की सेवा वाले आईएएस अधिकारियों को जिला उपायुक्त नियुक्त किया जाता है, लेकिन हरियाणा में हाल के वर्षों में कम सेवा अवधि वाले अधिकारियों को भी डीसी की जिम्मेदारी दी जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में 2018 बैच के छह तथा 2019 बैच का एक आईएएस अधिकारी अलग-अलग जिलों में उपायुक्त के रूप में तैनात है।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 3 3 3 6 3
Total Users : 333363
Total views : 554176

शहर चुनें