घरेलू सहायिका समेत परिवार के सदस्य पुलिस गिरफ्त में
रमेश गोयत
पंचकूला, 4 अगस्त। पंचकूला पुलिस ने सेक्टर-21 में रहने वाले रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल मेहता की 71 वर्षीय पत्नी नीरा मेहता की हत्या के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका सुनीता देवी, उसका पति शंकर और बेटा राजा शामिल हैं। मामले का खुलासा पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अदिति सिंह ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया।
डीसीपी अदिति सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को रिटायर्ड कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने सेक्टर-21 पुलिस चौकी में अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि घर से सोने के कुछ आभूषण भी गायब थे और उन्हें घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का संदेह था।
शिकायत मिलते ही पुलिस टीम संदिग्ध महिला के घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। घर की तलाशी के दौरान अंदर कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस छत पर पहुंची तो वहां एक चादर के नीचे नीरा मेहता का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल इलाके को सील कर फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर बुलाया।
फॉरेंसिक जांच और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घरेलू सहायिका सुनीता देवी, उसके पति शंकर और बेटे राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सुनीता देवी ने आभूषण चोरी के आरोपों से इनकार करते हुए दावा किया कि उसने कोई चोरी नहीं की और महिला की मौत फिसलने के कारण हुई। हालांकि पुलिस इस दावे की सत्यता की जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की वैज्ञानिक तरीके से पड़ताल की जा रही है।
डीसीपी अदिति सिंह ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को बुधवार को पंचकूला जिला अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि हत्या के कारण, घटनाक्रम और संभावित चोरी के एंगल सहित पूरे मामले की गहन जांच की जा सके।












Total Users : 382552
Total views : 621932