August 6, 2026 6:06 pm

August 6, 2026 6:06 pm

चंडीगढ़ में ₹28.87 करोड़ की दो बड़ी परियोजनाओं को मूल्यांकन समिति की मंजूरी की सिफारिश

सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होगा हाईटेक, 15 नई सुरक्षा चौकियां भी बनेंगी
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 6 अगस्त। यू.टी. चंडीगढ़ में खेल अवसंरचना को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाने और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद (आईएएस) की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित मूल्यांकन समिति  की बैठक में कुल ₹28.87 करोड़ की दो महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय मंजूरी के लिए अनुशंसित किया गया।
बैठक में वित्त सचिव दिप्रवा लाकड़ा (आईएएस), सचिव इंजीनियरिंग प्रेरणा पुरी (आईएएस), खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा (पीसीएस), मुख्य अभियंता सी. बी. ओझा, मुख्य वास्तुकार राजीव मेहता सहित चंडीगढ़ प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का होगा आधुनिक उन्नयन
समिति ने ₹22.93 करोड़ की लागत से सेक्टर-7 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉकी ग्राउंड एवं खेल अवसंरचना के व्यापक उन्नयन की परियोजना पर सहमति जताई। इसका उद्देश्य वर्ष 2027 में प्रस्तावित एशियन रिले चैंपियनशिप सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
परियोजना के तहत 3,400 दर्शकों की क्षमता वाली नई दर्शक दीर्घा, टेंसाइल कैनोपी, आधुनिक पवेलियन, खिलाड़ियों, तकनीकी अधिकारियों, मीडिया, वीआईपी और वीवीआईपी के लिए अलग-अलग सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके अलावा सिविल, विद्युत एवं जनस्वास्थ्य से जुड़ा आवश्यक बुनियादी ढांचा भी तैयार किया जाएगा।
परिसर में चार 35 मीटर ऊंचे हाई-मास्ट पोल पर 1650 वॉट क्षमता वाली एलईडी स्पोर्ट्स फ्लडलाइट्स लगाई जाएंगी। यह प्रकाश व्यवस्था अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगी और टेलीविजन प्रसारण योग्य रोशनी उपलब्ध कराएगी, जिससे भविष्य में अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की मेजबानी संभव हो सकेगी।

शहर की सुरक्षा के लिए बनेंगी 15 नई जांच चौकियां
बैठक में यू.टी. चंडीगढ़ के विभिन्न सीमा प्रवेश बिंदुओं पर 15 स्थायी सुरक्षा जांच चौकियों के निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इन आरसीसी आधारित एक-मंजिला चौकियों में कार्यालय, कंट्रोल रूम, रिकॉर्ड रूम, सुरक्षा कर्मियों के विश्राम कक्ष, बैरक, पेंट्री, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
यह परियोजना सीआरपीएफ, चंडीगढ़ पुलिस, शहरी नियोजन विभाग और इंजीनियरिंग विभाग के संयुक्त निरीक्षण एवं सिफारिशों के आधार पर तैयार की गई है। शहर के विस्तार और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए मौजूदा नाका चौकियों को रणनीतिक सीमा क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे सीमा निगरानी, प्रवेश नियंत्रण और 24 घंटे सुरक्षा संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
मुख्य सचिव ने दिए समयबद्ध कार्य पूरे करने के निर्देश
बैठक के दौरान मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद ने दोनों परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से एक ओर चंडीगढ़ की खेल सुविधाओं को नई पहचान मिलेगी, वहीं दूसरी ओर शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।
चंडीगढ़ प्रशासन का मानना है कि ₹28.87 करोड़ की इन दोनों परियोजनाओं से आधुनिक अवसंरचना का विकास, खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा तथा नागरिकों के लिए सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल होगी।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

3 8 3 7 6 9
Total Users : 383769
Total views : 623620

शहर चुनें