August 29, 2026 2:21 pm

August 29, 2026 2:21 pm

पंचकूला में सफाई कर्मचारियों ने फूंका मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला, कार्रवाई की चेतावनी पर जताया रोष

24वें दिन भी जारी रही हड़ताल, नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
बाबूगिरी हिंदी न्यूज़
पंचकूला, 29 अगस्त। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर नगर निगम पंचकूला के सफाई कर्मचारी शनिवार को 24वें दिन भी राज्यव्यापी हड़ताल पर डटे रहे। कर्मचारियों ने सेक्टर-14 स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना दिया और हरियाणा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी का पुतला फूंककर अपना रोष जताया।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने मंत्री कृष्ण बेदी द्वारा हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कहे जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। कर्मचारियों ने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय कार्रवाई की चेतावनी देना कर्मचारियों के साथ अन्याय है।

नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जोगिन्द्र सिंह कांगड़ा ने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने सरकार के समक्ष कई बार अपनी मांगें रखी हैं और पूर्व में हुए समझौतों को लागू करने की मांग भी की जा रही है, लेकिन अभी तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की चेतावनी देने के बजाय बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान करना चाहिए। कर्मचारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण कार्य से जुड़े होने के बावजूद उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।
हरियाणा नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ के पंचकूला जिला प्रधान जोगिन्द्र सिंह ने सरकार से मांग की कि सफाई कर्मचारियों की सभी जायज मांगों को जल्द पूरा किया जाए और कर्मचारियों के साथ पहले किए गए समझौतों को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और अधिक तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आगामी आंदोलन के दौरान पैदा होने वाली किसी भी स्थिति के लिए हरियाणा सरकार पूरी तरह जिम्मेदार होगी।
धरने और प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से जल्द वार्ता कर उनकी मांगों का समाधान करने की अपील भी की।

RAMESH GOYAT
Author: RAMESH GOYAT

With over 20 years of experience in Hindi journalism, Ramesh Goyat has served as District Bureau Chief in Kaithal and worked with the Haryana , Punjab , HP and UT Bureau in Chandigarh. Coming from a freedom fighter family, he is known for his fast, accurate, and credible reporting. Through Babugiri Hindi, he aims to deliver impartial and fact-based news to readers.

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 3 7 3
Total Users : 400373
Total views : 646002

शहर चुनें