बिना निर्धारित हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों की होगी जांच, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार काटे जाएंगे चालान व होगी कार्रवाई
-डीजीपी अजय सिंघल की वाहन चालकों से अपील— निर्धारित मानकों के अनुरूप एचएसआरपी लगवाएं, यातायात नियमों का करें पालन
रमेश गोयत
चंडीगढ़, 15 अक्टूबर। हरियाणा पुलिस प्रदेश में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) से संबंधित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही विशेष जागरूकता एवं एनफोर्समेंट अभियान चलाने जा रही है। अभियान के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगाने वाले वाहनों की जांच की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिना निर्धारित एचएसआरपी, अनधिकृत, छेड़छाड़ की गई अथवा अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों के मामलों में लागू नियमों के अनुसार चालान भी किया जा सकता है। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने, वाहनों की सही पहचान सुनिश्चित करने, नंबर प्लेट के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने तथा वाहन पंजीकरण नियमों के प्रति आमजन को जागरूक करना है। यातायात पुलिस एवं संबंधित इकाइयों द्वारा वाहन चालकों को एचएसआरपी के महत्व, इसके सुरक्षा लाभों और अधिकृत माध्यमों से प्लेट लगवाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों का चालान भी किया जाएगा।
एचएसआरपी से वाहनों की पहचान होगी अधिक विश्वसनीय, नियमों का पालन करना जरूरी: डीजीपी अजय सिंघल
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि प्रदेश में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने और वाहनों की सही पहचान सुनिश्चित करने के लिए हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट से संबंधित नियमों का पालन करना आवश्यक है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप एचएसआरपी लगवाएं और यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि एचएसआरपी वाहनों की पहचान को अधिक विश्वसनीय बनाने, नंबर प्लेट के दुरुपयोग को रोकने तथा वाहन चोरी जैसे अपराधों की जांच में सहायक है। हरियाणा पुलिस द्वारा जागरूकता के साथ-साथ नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक एनफोर्समेंट कार्रवाई भी की जाएगी। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
एचएसआरपी से वाहनों की पहचान और सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत
एडीजीपी ट्रैफिक अमिताभ ढिल्लों ने बताया कि हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार की जाती है। इसमें मौजूद विशेष सुरक्षा विशेषताएं वाहनों की पहचान एवं पंजीकरण विवरण के सत्यापन में सहायक होती हैं। इससे नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ और उसके दुरुपयोग की संभावनाओं को कम करने में मदद मिलती है। इसके अतिरिक्त, वाहनों की निगरानी, चोरी हुए वाहनों की पहचान और आपराधिक मामलों की जांच में भी ऐसी नंबर प्लेट उपयोगी साबित होती है। केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 के नियम 50, मोटर वाहन (हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट) आदेश, 2018 तथा हरियाणा सरकार के लागू निर्देशों के तहत एचएसआरपी से संबंधित प्रावधान निर्धारित हैं। वाहन मालिकों को अपने वाहनों पर लागू नियमों के अनुरूप एचएसआरपी लगवाना सुनिश्चित करना चाहिए।
नंबर प्लेट से छेड़छाड़ या उसे अस्पष्ट बनाने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
अभियान के दौरान ऐसे वाहनों की जांच की जाएगी, जिन पर निर्धारित एचएसआरपी नहीं लगी है अथवा जिनकी नंबर प्लेट अनधिकृत, छेड़छाड़ की गई, ढकी हुई या अस्पष्ट है। नंबर प्लेट को मोड़ने, पंजीकरण संख्या में बदलाव करने, उस पर अनधिकृत स्टिकर लगाने अथवा उसे इस प्रकार ढकने से बचना चाहिए, अन्यथा वाहन चालक पर कार्रवाई होना तय है । उल्लंघन की पुष्टि होने पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियमों के लागू प्रावधानों के तहत संबंधित अपराध की प्रकृति के अनुसार चालान एवं अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
पुराने वाहनों के मालिक अधिकृत माध्यमों से लगवाएं एचएसआरपी
जिन पुराने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप एचएसआरपी नहीं लगी है, उनके मालिक अधिकृत डीलर अथवा संबंधित पंजीकरण प्राधिकारी के माध्यम से प्लेट लगवाने की प्रक्रिया पूरी करें। वाहन मालिक अनधिकृत व्यक्तियों से नंबर प्लेट लगवाने से बचें और यह सुनिश्चित करें कि प्लेट निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।वाहन चालकों को अपने पंजीकरण प्रमाणपत्र, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी अद्यतन रखने चाहिए। एचएसआरपी से संबंधित नियमों का अनुपालन न केवल कानूनी दृष्टि से आवश्यक है, बल्कि यह वाहनों की सही पहचान, सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हरियाणा पुलिस ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप एचएसआरपी लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान जागरूकता के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। आमजन के सहयोग से प्रदेश में सुरक्षित सड़कों, बेहतर वाहन पहचान और प्रभावी अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकते हैं।













Total Users : 430794
Total views : 686722