April 5, 2026 7:44 pm

April 5, 2026 7:44 pm

HARYANA: हांसी में शीघ्र स्थापित होगी सेशन डिवीजन : मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत

नारनौंद में उपमंडलीय न्यायालय का शुभारंभ, न्यायिक परिसर का किया शिलान्यास

21 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक उपमंडलीय न्यायिक परिसर
चंडीगढ़, 10 जनवरी 2026 : देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने घोषणा की कि हांसी में शीघ्र ही सेशन डिवीजन की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि हांसी को प्रदेश का 23वां जिला बनाए जाने के बाद यह कदम क्षेत्रवासियों के लिए न्यायिक सुविधाओं में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगा। इससे आमजन को त्वरित और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत नारनौंद स्थित उपमंडलीय न्यायिक परिसर में नारनौंद उपमंडल न्यायालय के शुभारंभ तथा नए न्यायिक परिसर के शिलान्यास समारोह के अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नारनौंद में उपमंडलीय न्यायालय की स्थापना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। न्यायपालिका का उद्देश्य है कि न्याय हर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति के द्वार तक पहुंचे। संविधान सभी नागरिकों को समान न्याय का अधिकार देता है और इसे जमीनी स्तर तक लागू करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं से आह्वान किया कि वे समयबद्ध और निष्पक्ष न्याय को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था के सजग प्रहरी हैं और उन्हें बार के नैतिक मूल्यों का सदैव पालन करना चाहिए।

तकनीकी रूप से सशक्त बनें अधिवक्ता : मुख्य न्यायाधीश
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि विकास और तकनीकी युग में अधिवक्ताओं को स्वयं को तकनीकी ज्ञान से सुसज्जित करना चाहिए तथा न्यायपालिका में हो रहे नवाचारों और सुधारों से निरंतर अपडेट रहना चाहिए। उन्होंने सकारात्मक सोच के साथ लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे पर भी जोर दिया।
गौरतलब है कि नारनौंद उपमंडलीय न्यायिक परिसर के निर्माण पर 21 करोड़ रुपये से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। यह परिसर 1.79 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा।
भू-तल पर न्यायालय कक्ष, साक्षी कक्ष व अन्य कार्यालय
प्रथम तल पर फैमिली कोर्ट, मध्यस्थता कक्ष
द्वितीय तल पर ममटी एवं मशीन रूम का निर्माण किया जाएगा।
इस अवसर पर नारनौंद बार एसोसिएशन की ओर से मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश शील नागू तथा हरियाणा के जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
कार्यक्रम में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश हरसिमरन सिंह सेठी, हिसार डिवीजन की प्रशासनिक न्यायाधीश अलका सरीन, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक, विधायक रामकुमार गौतम व जस्सी पेटवाड़, उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल चंद्रशेखर, उपायुक्त राहुल नरवाल, पुलिस अधीक्षक अमित यशवर्धन, एसडीएम विकास यादव सहित हांसी व नारनौंद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 8
Total Users : 291258
Total views : 493517

शहर चुनें