October 12, 2026 2:11 pm

October 12, 2026 2:11 pm

PANCHKULA: निगम चुनाव से पहले कांग्रेस में कलह तेज, चार नेताओं को नोटिस

पंचकूला। नगर निगम चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान खुलकर सामने आ गई है। चंद्रमोहन की शिकायत पर पार्टी की अनुशासन समिति ने पूर्व मेयर प्रत्याशी उपिंद्र कौर आहलूवालिया, उनके पति धनेंद्र वालिया समेत चार नेताओं को नोटिस जारी किया है। सभी को एक सप्ताह के भीतर जवाब देने को कहा गया है। खास बात यह है कि यह कार्रवाई शिकायत के करीब डेढ़ साल बाद, चुनाव से ठीक पहले की गई है।
2024 की शिकायत पर अब कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, विधायक चंद्रमोहन ने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान अपने खिलाफ काम करने वाले नेताओं की शिकायत पार्टी हाईकमान से की थी। उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन अब निगम चुनाव से पहले अनुशासन समिति ने कदम उठाया है। नोटिस पाने वालों में उपिंद्र कौर आहलूवालिया, उनके पति धनेंद्र वालिया, कांग्रेस नेता रविंद्र रावल और उनके भाई नरेश रावल शामिल हैं।
‘पार्टी का समर्पित सिपाही हूं’
कांग्रेस नेता रविंद्र रावल ने नोटिस मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि वे पार्टी के सच्चे और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि वे निर्धारित समय में अपना जवाब देंगे। वहीं धनेंद्र वालिया ने इस मामले में टिप्पणी करने से इनकार किया है।
2020 में करीबी मुकाबला, 2057 वोट से हार
पंचकूला नगर निगम मेयर चुनाव 2020 में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। कांग्रेस की उम्मीदवार उपिंद्र कौर आहलूवालिया को भाजपा के कुलभूषण गोयल से 2057 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था। उस चुनाव में भाजपा को 9 और कांग्रेस को 7 सीटें मिली थीं, जबकि अन्य सीटों पर जजपा और निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की थी।
सैलजा और हुड्डा दोनों गुटों से संबंध
उपिंद्र कौर आहलूवालिया का परिवार पहले कुमारी सैलजा गुट से जुड़ा रहा, बाद में उनकी नजदीकियां भूपेंद्र सिंह हुड्डा खेमे से भी बढ़ीं। हालांकि 2020 के चुनाव के बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता कम हो गई और वे कई पार्टी कार्यक्रमों से दूर रहीं।
कोर्ट में भी मामला, कल सुनवाई
कांग्रेस नेता रविंद्र रावल ने नगर निगम चुनाव को लेकर कोर्ट में दो याचिकाएं दायर की हैं। इनमें ईवीएम के साथ वीवीपैट मशीन जोड़ने और वार्डबंदी को चुनौती दी गई है। इन याचिकाओं पर 6 अप्रैल को सुनवाई होनी है। माना जाता है कि रावल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी नेताओं में गिने जाते हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 8
Total Users : 429178
Total views : 684399

शहर चुनें