October 12, 2026 1:19 pm

October 12, 2026 1:19 pm

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर, दिल्ली में तापमान 3 डिग्री तक गिरा, प्रदूषण भी बढ़ा

नई दिल्ली: उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का प्रकोप लगातार जारी है। पहाड़ी राज्यों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है, वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हालात बेहद खराब बने हुए हैं। रविवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया गया, जिससे लोगों को कंपकंपा देने वाली ठंड का सामना करना पड़ा।
दिल्ली के पालम और आयानगर में ठंड का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला। पालम में न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम होकर 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में यह सामान्य से 4.2 डिग्री नीचे रहा। सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता भी काफी कम रही।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, राजधानी में 5 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। 12 जनवरी को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार को भी मौसम के हालात कुछ ऐसे ही बने रहेंगे। राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहेगा। 12 जनवरी से 17 जनवरी के बीच आसमान साफ रहने की संभावना जताई गई है।
ठंड के साथ-साथ दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार सुबह 7 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 293 दर्ज किया गया। एनसीआर के अन्य शहरों में फरीदाबाद में AQI 298, गुरुग्राम में 302, गाजियाबाद में 312, ग्रेटर नोएडा में 293 और नोएडा में 285 अंक रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 200 से ऊपर और 300 के बीच बना हुआ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 300 से 400 के बीच पहुंच गया है, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है। ठंड और प्रदूषण के इस दोहरे असर से बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 6 2
Total Users : 429162
Total views : 684375

शहर चुनें