April 6, 2026 1:11 am

April 6, 2026 1:11 am

कड़ाके की ठंड से कांपा दिल्ली-एनसीआर, तापमान 3 डिग्री तक लुढ़का, प्रदूषण फिर गंभीर

नई दिल्ली: उत्तर भारत समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार सुबह भी लोगों को तीखी ठंड का सामना करना पड़ा, हालांकि दिन में धूप खिलने से कुछ राहत जरूर मिली। शहर के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान गिरकर करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। वहीं पालम में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री और लोधी रोड मौसम केंद्र पर यह तीन डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आज और कल के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट और बुधवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 16 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार तक इसी तरह की ठंड बने रहने के आसार हैं, जिसके बाद हल्की राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदूषण फिर गंभीर श्रेणी में
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक मंगलवार सुबह 7:15 बजे तक राजधानी दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 333 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। बीते कई दिनों बाद एक बार फिर दिल्ली की हवा बिगड़ गई है।

एनसीआर के अन्य शहरों की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। फरीदाबाद में AQI 312, गुरुग्राम में 318, गाजियाबाद में 332, ग्रेटर नोएडा में 302 और नोएडा में 307 रिकॉर्ड किया गया। राजधानी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI स्तर 300 से ऊपर और कई जगहों पर 400 के करीब पहुंच गया है।
ठंड और प्रदूषण के इस दोहरे प्रकोप ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 3 9
Total Users : 291339
Total views : 493635

शहर चुनें