8 हजार स्टूडेंट वीजा भी शामिल, ट्रंप प्रशासन का दावा—अपराधियों पर जीरो टॉलरेंस
न्यूयॉर्क: अमेरिका ने इमिग्रेशन पर सख्ती बढ़ाते हुए वर्ष 2025 में अब तक 1 लाख से अधिक वीजा रद्द कर दिए हैं। इनमें करीब 8,000 स्टूडेंट वीजा और 2,500 स्पेशलाइज़्ड वर्क वीजा शामिल हैं। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इसे आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ की जा रही बड़ी कार्रवाई बताया है।
विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा, “अमेरिका को सुरक्षित रखने के लिए हम बदमाशों को डिपोर्ट करना जारी रखेंगे।” मंत्रालय के मुताबिक, जिन लोगों के वीजा रद्द किए गए हैं, उनका अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों से आपराधिक मामलों में सामना हुआ था।
ट्रंप प्रशासन में रिकॉर्ड कार्रवाई
विदेश मंत्रालय के मुख्य प्रवक्ता टॉमी पिगोट ने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने एक साल से भी कम समय में 1 लाख से ज्यादा वीजा रद्द किए हैं। इनमें ऐसे हजारों विदेशी नागरिक शामिल हैं, जिन पर हमला, चोरी और नशे में गाड़ी चलाने जैसे अपराधों के आरोप लगे या वे दोषी पाए गए।
2024 के मुकाबले दोगुनी कार्रवाई
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में रद्द किए गए वीजा की संख्या 2024 के मुकाबले दोगुनी से भी ज्यादा है। 2024 में करीब 40,000 वीजा रद्द किए गए थे, जो पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल का अंतिम वर्ष था।
स्टूडेंट और वर्क वीजा पर खास नजर
रिपोर्ट में बताया गया है कि 2025 में अधिकतर बिजनेस और टूरिस्ट वीजा ओवरस्टे करने के कारण रद्द किए गए, जबकि
करीब 8,000 छात्रों के वीजा आपराधिक मामलों में,
और 2,500 स्पेशलाइज्ड वर्कर्स के वीजा कानून उल्लंघन के कारण रद्द हुए।
स्पेशलाइज्ड वर्कर्स में:
50% वीजा नशे में गाड़ी चलाने,
30% मारपीट या कैद से जुड़े मामलों,
और 20% चोरी, बच्चों के साथ दुर्व्यवहार, ड्रग्स, धोखाधड़ी व गबन जैसे आरोपों में रद्द किए गए।
ड्रग्स और बच्चों से जुड़े मामलों में सख्ती
करीब 500 छात्रों के वीजा ड्रग्स रखने और बांटने के आरोप में रद्द किए गए, जबकि सैकड़ों विदेशी कर्मचारियों पर बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के आरोपों के चलते कार्रवाई की गई।
H-1B वीजा पर भी कड़ी जांच
15 दिसंबर से अमेरिकी विदेश विभाग ने H-1B और H-4 वीजा आवेदकों की बेहतर स्क्रीनिंग शुरू कर दी है। इसमें सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच भी शामिल है। इसके चलते भारत में कई H-1B वीजा इंटरव्यू टाल दिए गए हैं और स्टैंपिंग के लिए यात्रा करने वाले कई आवेदक महीनों से फंसे हुए हैं।
वीजा अधिकार नहीं, सुविधा: अमेरिका
विदेश विभाग ने दोहराया है कि अमेरिकी वीजा कोई अधिकार नहीं बल्कि एक सुविधा है। विभाग का कहना है कि स्क्रीनिंग के दौरान सभी उपलब्ध जानकारियों का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि सार्वजनिक या राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले आवेदकों की पहचान की जा सके।











Total Users : 291348
Total views : 493645