September 21, 2026 9:38 am

September 21, 2026 9:38 am

PANCHKULA: इटली वर्क वीजा के नाम पर फ्रॉड करने वाले दो आरोपी अमृतसर से गिरफ्तार

6 लोगों से 14 लाख रुपये की ठगी, 3 दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी

पंचकूला, 13 जनवरी: पंचकूला में विदेश भेजने के नाम पर की जा रही धोखाधड़ी के मामलों पर सख्त कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इटली वर्क वीजा दिलाने का झांसा देकर 6 युवाओं के परिवारों से कुल 14 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट ने पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस को शिकायत मिली थी कि वर्ष 2023 में पंचकूला के अलग-अलग परिवारों से संबंध रखने वाले 6 युवाओं को इटली भेजने के नाम पर ठगा गया। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि वे एक जानकार के माध्यम से आरोपियों के संपर्क में आए थे। इटली वर्क वीजा लगवाने के बदले कुल 14 लाख रुपये एडवांस लिए गए, लेकिन इसके बाद आरोपियों ने करीब दो साल तक झूठे आश्वासन देकर न तो वीजा दिलवाया और न ही रकम वापस की।
इस संबंध में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर 19 अगस्त को थाना चंडीमंदिर में भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 120-बी तथा इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को सौंपी गई।
जांच के दौरान एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट इंचार्ज योगविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने 12 जनवरी को दोनों आरोपियों—सागर सिंह निवासी जिला अमृतसर (पंजाब) और गुरप्रीत सिंह निवासी जिला गुरदासपुर (पंजाब)—को अमृतसर के अलग-अलग गांवों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में जांच अधिकारी एएसआई दीपक, एएसआई जगपाल, महिला सिपाही पूनम और सिपाही ऋषिपाल की विशेष भूमिका रही।
डीसीपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान ठगी की गई राशि की बरामदगी के साथ-साथ आरोपियों से जुड़े अन्य मामलों की भी गहन पूछताछ की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि विदेश भेजने के नाम पर किसी को भी पैसे देने से पहले संबंधित एजेंट और दस्तावेजों की पूरी जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस मौके पर शिवास कविराज, एडीजीपी (पुलिस आयुक्त पंचकूला एवं अध्यक्ष—अवैध प्रवास मामले, हरियाणा) ने कहा,
“विदेश अवसरों के नाम पर युवाओं को ठगने वाले नेटवर्क के खिलाफ पंचकूला पुलिस की नीति बिल्कुल स्पष्ट है। ऐसे अपराधी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे। युवाओं की मेहनत की कमाई और उनके भविष्य की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 4 7 1
Total Users : 417471
Total views : 668885

शहर चुनें