April 5, 2026 7:48 pm

April 5, 2026 7:48 pm

PANCHKULA: लोहड़ी की पावन अग्नि के साथ पंचकूला पुलिस ने लिया समाज की सुरक्षा व सेवा का संकल्प

पुलिसकर्मियों को मिला स्वास्थ्य और सकारात्मकता का संदेश, अधिकारियों ने साझा की पर्व की खुशियां

पंचकूला, 13 जनवरी: जिले में पारंपरिक उल्लास, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक पर्व लोहड़ी को पंचकूला पुलिस द्वारा पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय तथा सेक्टर-4 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अतिथियों ने भाग लेकर पर्व की खुशियां साझा कीं।
सेक्टर-1 स्थित पुलिस उपायुक्त कार्यालय में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम में डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान पंचकूला के पारस अस्पताल के पल्मोनोलॉजी विभाग के सीनियर डायरेक्टर डॉ. अमित मंडल ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए उनके मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए तनाव प्रबंधन के प्रभावी उपाय, सकारात्मक सोच, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।


इस अवसर पर डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने पंचकूला पुलिस परिवार एवं जिलेवासियों को लोहड़ी पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि लोहड़ी केवल एक पर्व ही नहीं, बल्कि नई फसल, समृद्धि, खुशहाली और सामूहिक प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अग्नि के चारों ओर एकत्र होकर मनाया जाने वाला यह पर्व हमें नकारात्मकता त्यागकर सकारात्मक ऊर्जा अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कामना की कि लोहड़ी की पावन अग्नि सभी के जीवन में सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए। इस दौरान एसीपी विक्रम नेहरा सहित विभिन्न शाखाओं के पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।
वहीं, सेक्टर-4 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में भी लोहड़ी पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने पुलिसकर्मियों के साथ लोहड़ी मनाते हुए उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लोहड़ी का त्योहार भाईचारे, एकता और सामूहिक उत्सव का संदेश देता है, जो पुलिस बल के लिए भी निरंतर प्रेरणास्रोत है।
इस अवसर पर पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जिलेवासियों को लोहड़ी एवं मकर संक्रांति की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व नई शुरुआत, सकारात्मक सोच और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा सभी को मिल-जुलकर समाज की सुरक्षा और सेवा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 2 5 8
Total Users : 291258
Total views : 493517

शहर चुनें