चंडीगढ़। चंडीगढ़ में शुक्रवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक्टिवा पर सवार एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। यह हमला सेक्टर-37 स्थित बीजेपी दफ्तर के नजदीक पेट्रोल पंप के पास किया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सुमित के रूप में हुई है, जो मौलीजागरां (चंडीगढ़) का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार सुमित एनडीपीएस (ड्रग्स) मामले में हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसकी करीब दो हफ्ते पहले ही शादी हुई थी और शुक्रवार को उसकी पत्नी की चूड़ा उतारने की रस्म होनी थी, लेकिन इससे पहले ही परिवार पर यह दुखद हादसा टूट पड़ा।
बुलेट सवार बदमाशों ने किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक बुलेट बाइक पर सवार दो युवक मौके पर आए थे। दोनों ने हेलमेट पहन रखा था और उनमें से एक के हाथ में धारदार हथियार था। आरोपियों ने सुमित पर अचानक चाकुओं से हमला कर दिया और उसकी पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए। अत्यधिक खून बहने के कारण सुमित करीब 50 मीटर दूर अपनी एक्टिवा समेत गिर पड़ा।
20 कदम चलकर गिर पड़ा
चाकू लगने के बाद सुमित स्कूटी से उतरकर जान बचाने के लिए भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह केवल 20 कदम ही चल पाया और वहीं गिर पड़ा। पुलिस को घटनास्थल से उसकी एक्टिवा और एक जूता बरामद हुआ है।
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि डड्डूमाजरा कॉलोनी के रहने वाले कुछ युवक पिछले एक साल से सुमित को धमकियां दे रहे थे। पुलिस को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें कुछ युवक हथियार लहराते नजर आ रहे हैं। पुलिस उन युवकों की पहचान में जुटी हुई है।
घटना स्थल के आसपास पंजाब और केंद्र सरकार के कई बड़े दफ्तर स्थित हैं और यह इलाका 24 घंटे व्यस्त रहता है। इसके बावजूद दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।











Total Users : 291468
Total views : 493828