नई दिल्ली: गणतंत्र दिवस समारोह 2026 को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। इसी के तहत उत्तर रेलवे ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर पार्सल यातायात को लेकर अहम निर्णय लिया है। सुरक्षा कारणों से 23 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक दिल्ली क्षेत्र में सभी प्रकार के पार्सल लेन-देन पर अस्थायी प्रतिबंध रहेगा।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यह प्रतिबंध नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन पर लागू होगा। इन स्टेशनों से चलने वाली ट्रेनों में किसी भी प्रकार के पार्सल लेन-देन, जिसमें लीज्ड एसएलआर और वीपी (वैल्यू पार्सल) शामिल हैं, की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही इन स्टेशनों के पार्सल गोदामों और प्लेटफॉर्म को पूरी तरह पार्सल पैकेज और पैकिंग से मुक्त रखने के निर्देश जारी किए गए हैं।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह प्रतिबंध केवल दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अन्य मंडलों और जोनों से चलकर दिल्ली क्षेत्र में लोडिंग या अनलोडिंग के लिए रुकने वाली ट्रेनों पर भी लागू होगा। यानी चार दिनों तक दिल्ली क्षेत्र में किसी भी प्रकार का आवक और जावक पार्सल ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा।
हालांकि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यक्तिगत सामान को यात्री डिब्बों में ले जाने की अनुमति दी गई है। इसके अलावा सभी व्यावसायिक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद पंजीकृत समाचार पत्रों और पत्रिकाओं की बुकिंग को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है, ताकि सूचना का प्रवाह बाधित न हो।
उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय ने कहा कि यह कदम पूरी तरह एहतियातन उठाया गया है, जिससे गणतंत्र दिवस के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा चूक की संभावना न रहे। रेलवे प्रशासन ने पार्सल कारोबार से जुड़े व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान अपनी बुकिंग और परिवहन की योजना पहले से बनाएं और रेलवे द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।













Total Users : 310729
Total views : 522062