नई दिल्ली: दिल्लीवासियों को कई दिनों बाद कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिली है। बीते पांच दिनों से जारी शीतलहर का असर शुक्रवार को कमजोर पड़ा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। सर्द हवाओं के कारण महसूस होने वाली गलन भी अब कुछ कम हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे एक दिन पहले गुरुवार को सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस रहा था, जो वर्ष 2023 के बाद जनवरी महीने का सबसे कम तापमान माना जा रहा है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए मध्यम से घने कोहरे और दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का यलो अलर्ट जारी किया है। आने वाले कुछ दिनों में हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।
18 से 20 जनवरी के बीच आंशिक बादल छाए रहने और सुबह के समय मध्यम कोहरा रहने का अनुमान है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 21 से 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 10 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं 21 जनवरी से एक बार फिर ठंड बढ़ने की संभावना है, जब अधिकतम तापमान 19 से 21 और न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
उधर, वायु प्रदूषण ने राजधानी की चिंता बढ़ा दी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शनिवार सुबह 7:15 बजे तक दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 368 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है—फरीदाबाद में AQI 342, गुरुग्राम में 348, गाजियाबाद में 333, ग्रेटर नोएडा में 322 और नोएडा में 328 दर्ज किया गया। दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया है।
दिल्ली-एनसीआर में GRAP-3 लागू
बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। GRAP-3 लागू होने के साथ ही कई सख्त प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं, जबकि पहले और दूसरे चरण की पाबंदियां भी जारी रहेंगी।
आयोग के अनुसार दिल्ली का AQI 354 तक पहुंच चुका है और आईएमडी तथा आईआईटीएम ने आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता और खराब होने की आशंका जताई है। अनुमान है कि AQI 400 के पार भी जा सकता है, ऐसे में प्रदूषण नियंत्रण को लेकर सख्ती और बढ़ाई जा सकती है।













Total Users : 310726
Total views : 522059