June 15, 2026 2:51 pm

June 15, 2026 2:51 pm

भारत–पाकिस्तान सीमा पर कंटीले तार की बाड़ 200 मीटर पीछे होगी, किसानों को बड़ी राहत की उम्मीद!

अमृतसर | पंजाब में भारत–पाकिस्तान सीमा पर कंटीले तार की बाड़ को 200 मीटर पीछे खिसकाने को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। यह जानकारी पंजाब के कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमृतसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने इसे सीमावर्ती किसानों के लिए एक बड़ी राहत करार दिया।
धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के दौरान बॉर्डर एरिया में रहने वाले किसानों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने कहा कि कंटीले तार की बाड़ लगने के कारण हजारों एकड़ उपजाऊ कृषि भूमि तार के उस पार चली गई, जिससे किसानों को खेती करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
कुलदीप धालीवाल के अनुसार, सीमावर्ती किसानों को खेती के लिए सीमित समय, कड़ी सुरक्षा जांच, फसल की ऊंचाई पर रोक और महिलाओं की चेकिंग जैसी कई समस्याओं से गुजरना पड़ता था। बाड़ को 200 मीटर पीछे किए जाने से ये समस्याएं काफी हद तक समाप्त हो जाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस फैसले से पंजाब की लगभग 532 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित हजारों एकड़ जमीन फिर से किसानों के उपयोग में आ सकेगी। सरकार की ओर से यह भी मांग रखी गई थी कि यदि बाड़ हटाना संभव न हो, तो कंटीले तार के पार गई जमीन का किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। गृह मंत्रालय द्वारा इस मांग को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है और उम्मीद जताई जा रही है कि अगले 15 दिनों में इस पर काम शुरू हो जाएगा।
धालीवाल ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता बिना सोचे-समझे बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता काम करने वाली सरकार को चुनेगी और कांग्रेस का सफाया हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार सीमावर्ती किसानों, मजदूरों और आम लोगों के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।
इस बीच, धालीवाल ने यह भी जानकारी दी कि सोमवार, 19 जनवरी को मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया अजनाला दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान बॉर्डर एरिया में बनने वाले सरकारी डिग्री कॉलेज की आधारशिला रखी जाएगी, जो एक वोकेशनल और ट्रेनिंग कॉलेज होगा। अजनाला दौरे के दौरान सीमावर्ती किसान मुख्यमंत्री का विशेष सम्मान भी करेंगे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 4 0 7 1
Total Users : 344071
Total views : 569449

शहर चुनें