बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
चंडीगढ़, 5 अगस्त। यूटी चंडीगढ़ के सरकारी एवं नगर निगम कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों के समाधान की दिशा में बुधवार को महत्वपूर्ण पहल हुई। माननीय यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के सकारात्मक हस्तक्षेप के बाद यूटी प्रशासन और कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के बीच औपचारिक वार्ता का दौर शुरू हो गया। इसी क्रम में यूटी प्रशासन के चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एम.सी. एम्प्लॉइज एंड वर्कर्स, यूटी चंडीगढ़ के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोऑर्डिनेशन कमेटी के प्रधान सतिंदर सिंह, महासचिव राकेश कुमार, कन्वीनर रघवीर चंद, सीनियर वाइस प्रधान राजिंदर कुमार तथा सीवरेज एम्प्लॉइज यूनियन के जनरल सेक्रेटरी नरेश कुमार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कर्मचारियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे प्रशासन के समक्ष रखे। इनमें समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना, डीसी रेट में मौजूद विसंगतियों को दूर करना, समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करना, विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करना, आउटसोर्स कर्मचारियों के कथित शोषण पर रोक लगाना, डेली वेज कर्मचारियों को नियमित करना, सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान, मिड-डे मील कर्मचारियों के वेतन में सम्मानजनक वृद्धि तथा उनके शोषण पर रोक लगाने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग के सरकारी कॉलेजों में कार्यरत ग्रुप-डी कर्मचारियों को पूरे वर्ष नियमित रोजगार, पूर्ण वेतन और सेवा सुरक्षा प्रदान करने सहित अन्य लंबित मामलों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद ने कर्मचारियों की सभी मांगों को गंभीरता से सुना। प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया कि सभी मांगों पर विभागवार विस्तृत चर्चा के लिए जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में सेक्रेटरी पर्सनल, संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष (एचओडी) तथा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे और प्रत्येक मांग पर विस्तार से विचार कर समाधान की दिशा में ठोस निर्णय लिए जाएंगे।
बैठक के बाद कोऑर्डिनेशन कमेटी ने कहा कि यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया के सकारात्मक हस्तक्षेप और चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद के सहयोगात्मक रवैये से वर्षों से लंबित कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की दिशा में सार्थक प्रगति हुई है। कमेटी ने उम्मीद जताई कि आगामी बैठकों में कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक और ठोस फैसले लिए जाएंगे।
कमेटी ने चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना है तथा उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की है। साथ ही उम्मीद जताई गई कि प्रशासन इसी भावना के साथ कर्मचारियों की लंबित मांगों का शीघ्र समाधान करेगा।













Total Users : 383299
Total views : 622985