October 12, 2026 1:17 pm

October 12, 2026 1:17 pm

कोकराझार हिंसा के बाद तनाव, इंटरनेट सेवाएं निलंबित

रोड एक्सीडेंट विवाद में दो की मौत, 19 गिरफ्तार
कोकराझार (असम): असम के कोकराझार जिले में सोमवार शाम हुई हिंसक घटना के बाद मंगलवार को भी हालात तनावपूर्ण बने रहे। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बिरसा कमांडो फोर्स के दो अस्थायी कैंपों में आग लगा दी, जबकि चिदू कान्हू भवन सहित कई अन्य इमारतों को भी नुकसान पहुंचाया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन ने एहतियातन मोबाइल इंटरनेट और डेटा सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी हैं। पुलिस ने इस मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, हिंसा की शुरुआत सोमवार को एक रोड एक्सीडेंट के बाद हुए विवाद से हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फिर हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 28 वर्षीय चिकना जोहलोउ बिस्मित और 40 वर्षीय सुनील मुर्मू के रूप में हुई है।
चिकना जोहलोउ बिस्मित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुनील मुर्मू ने अस्पताल ले जाते समय करीब दो घंटे बाद दम तोड़ दिया।
घटना में घायल तीन लोगों को कोकराझार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा बेकाबू हो गया और उन्होंने पुलिस स्टेशन से मात्र 1 से 1.5 किलोमीटर दूर गौरीनगर इलाके में तोड़फोड़ और आगजनी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
कोकराझार के पुलिस अधीक्षक अक्षय गर्ग ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि हर पहलू से जांच जारी है। वहीं, जिला प्रशासन हालात सामान्य होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी बनाए हुए है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 6 1
Total Users : 429161
Total views : 684374

शहर चुनें