चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कल से मौसम का मिजाज बदल जाएगा और 25 जनवरी तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। लगातार तीन पश्चिमी विक्षोभों (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं कोहरा, कहीं बादल, तो कहीं हल्की बूंदाबांदी और बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान रात के तापमान में खास बदलाव नहीं होगा और यह सामान्य के आसपास बना रहेगा, जबकि दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
सोनीपत में सबसे ठंडी रात, भिवानी में दिन रहा सबसे गर्म
बीते 24 घंटों में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस सोनीपत में रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस भिवानी में दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार 22 से 24 जनवरी के बीच कुछ जिलों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है, वहीं 25 जनवरी से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।
तीन पश्चिमी विक्षोभों का असर, धुंध और हल्की हवाएं चलेंगी
मौसम विभाग ने बताया कि तीन पश्चिमी विक्षोभों के आंशिक प्रभाव के चलते 25 जनवरी तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा।
21 से 24 जनवरी के दौरान बादल छाए रहने, हल्की बूंदाबांदी और बदलवाई की संभावना है, जबकि 25 जनवरी को राज्य के ज्यादातर इलाकों में बारिश हो सकती है।
इस दौरान हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलेंगी। सुबह और शाम के समय कुछ क्षेत्रों में धुंध का असर भी बना रह सकता है। बारिश के कारण रात का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है, जबकि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
चंडीगढ़ में भी बदलेगा मौसम, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
चंडीगढ़ के मौसम की बात करें तो आज बुधवार सुबह शहर में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। गुरुवार से लेकर 23 जनवरी तक मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।
कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं।
बुधवार को चंडीगढ़ में दिनभर धूप खिली रही, हालांकि सुबह के समय धुंध छाई रही। धूप निकलने से लोगों को सर्दी और शीतलहर से कुछ राहत जरूर मिली।











Total Users : 291435
Total views : 493780