August 29, 2026 5:08 am

August 29, 2026 5:08 am

रोहतक में STF–शूटर मुठभेड़; हिमांशु भाऊ गैंग का इनामी शूटर अमन उर्फ काकू घायल, PGIMS में भर्ती

रोहतक: हरियाणा में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रोहतक पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने बड़ी सफलता हासिल की है। कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के सक्रिय शूटर अमन उर्फ काकू के साथ मंगलवार देर शाम सांपला क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान STF की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पीजीआईएमएस रोहतक में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अमन उर्फ काकू पर पहले से ही 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

हिमाचल के पूर्व विधायक पर किया था जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, रोहतक जिले के रिटौली गांव निवासी अमन उर्फ काकू गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का भरोसेमंद शूटर है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 14 मार्च 2025 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर सदर से पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर फायरिंग कर जानलेवा हमला किया था।
इस हमले में पूर्व विधायक की जांघ में गोली लगी थी, जबकि उनका निजी सुरक्षा अधिकारी भी घायल हुआ था। गनीमत रही कि समय पर इलाज मिलने से दोनों की जान बच गई। इस संबंध में बिलासपुर सदर थाना में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था।
10 महीने से फरार, 20 हजार का इनामी था शूटर
वारदात के बाद से अमन उर्फ काकू लगातार गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के संपर्क में था और पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
उसके खिलाफ 26 मई 2025 को सदर थाना रोहतक में भी अलग आपराधिक मामले दर्ज हुए, जिसके बाद पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वह करीब 10 महीनों से फरार चल रहा था।

बेरी रोड आउटर बाईपास पर STF की घेराबंदी
एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बताया कि मंगलवार को STF को सूचना मिली थी कि अमन उर्फ काकू सांपला क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेरी रोड आउटर बाईपास पुल के पास नाकाबंदी कर उसे घेर लिया।
खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में STF ने कार्रवाई करते हुए उसे पैर में गोली मारकर काबू कर लिया।

हथियार बरामद, पूछताछ जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल उसका इलाज PGIMS रोहतक में चल रहा है और स्वस्थ होते ही उससे गैंग नेटवर्क, हथियार सप्लाई और अन्य अपराधों को लेकर पूछताछ की जाएगी।

विदेश से गैंग चला रहा हिमांशु भाऊ
पुलिस के अनुसार, कुख्यात गैंगस्टर हिमांशु भाऊ इस समय विदेश में बैठकर अपना नेटवर्क चला रहा है। वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए देश से फरार हुआ था।
उसके खिलाफ इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया जा चुका है और भारतीय एजेंसियां उसकी गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी हुई हैं।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 0 8 6
Total Users : 400086
Total views : 645616

शहर चुनें