August 29, 2026 8:20 pm

August 29, 2026 8:20 pm

HIMACHAL: सुलह में सीएम सुक्खू की बड़ी घोषणाएं: महिलाओं को ₹1500, बिजली बोर्ड डिवीजन खुलेगा, भवारना बनेगा नगर पंचायत

अनिल कुमार शर्मा
सुलह: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र के लिए कई अहम घोषणाएं करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना के तहत क्षेत्र की सभी पात्र महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह दिए जाएंगे। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड का डिवीजन सुलह में खोलने और भवारना को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की।
एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा जिले के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार निरंतर काम कर रही है। कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं को यहीं रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अब युवाओं को छोटी नौकरियों के लिए दिल्ली-चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा।

रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य पर फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सरकारी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ा रही है। 800 पुलिस कांस्टेबलों की भर्ती में अग्निवीरों को प्राथमिकता दी जाएगी और 58 वर्ष तक नौकरी के साथ ओपीएस का लाभ मिलेगा। उन्होंने अग्निवीर योजना पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार सुरक्षित और दीर्घकालिक रोजगार की पक्षधर है।
शिक्षा के क्षेत्र में सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के समय शिक्षा स्तर 21वें स्थान पर था, जबकि वर्तमान सरकार के प्रयासों से हिमाचल अब गुणात्मक शिक्षा में 5वें स्थान पर पहुंच गया है। पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम, शिक्षकों की भर्ती और 200 से अधिक स्कूलों को सीबीएसई आधारित बनाया जा रहा है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साल के भीतर टांडा मेडिकल कॉलेज सहित सभी मेडिकल कॉलेजों, पालमपुर अस्पताल और जोनल अस्पतालों में एम्स की तर्ज पर तकनीक उपलब्ध होगी। छह महीने में सभी पीएचसी में डॉक्टर और मेडिकल कॉलेजों में स्पेशलिस्ट तैनात किए जाएंगे।

भाजपा पर हमला, भ्रष्टाचार पर सख्ती का ऐलान
सीएम सुक्खू ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पिछली सरकार को मिले 50 हजार करोड़ रुपये का सदुपयोग नहीं हुआ। बद्दी में कस्टमाइज्ड पैकेज के नाम पर जमीन उद्योगपतियों को सस्ती दी गई, जिससे राजस्व को नुकसान हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि धारा-118 में कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है और भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक खेती
कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने कहा कि सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। प्राकृतिक खेती के उत्पादों पर देश में सबसे अधिक एमएसपी दी जा रही है—गेहूं ₹60 और मक्का ₹40 प्रति किलो। कांगड़ा के ढगवार में अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट इसी वर्ष तैयार होगा।

अन्य प्रमुख बातें
चिट्टा के खिलाफ जन-जागरूकता की शपथ दिलाई गई
आईआरडीपी सर्वे पांच चरणों में
मनरेगा को कमजोर करने का केंद्र पर आरोप
आपदा प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता का उल्लेख
इस अवसर पर आयुष मंत्री यादवेंद्र गोमा, राज्य योजना बोर्ड उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया, विधायक आशीष बुटेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग शर्मा, बैंक चेयरमैन संजय सिंह चौहान, उपायुक्त हेमराज बैरवा, एसपी अशोक रत्न सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 6 7 3
Total Users : 400673
Total views : 646448

शहर चुनें