October 13, 2026 10:38 pm

October 13, 2026 10:38 pm

पंचकूला लेडीज क्लब ने हर्षोल्लास के साथ मनाया बसंत पंचमी उत्सव

पंचकूला: ब्रिलियंस वर्ल्ड स्कूल, सेक्टर-12 पंचकूला में पंचकूला लेडीज क्लब की ओर से बसंत पंचमी का पर्व पूरे उल्लास और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर क्लब की लगभग 40 सदस्याएं पीले रंग के परिधानों में सजी-संवरी नजर आईं, जिससे पूरे कार्यक्रम स्थल पर बसंती छटा बिखर गई।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए और तंबोला खेल का भी आनंद लिया। क्लब की अध्यक्ष शारदा कठपालिया ने सभी सदस्यों को बसंत पंचमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और आपसी मेल-मिलाप को क्लब की सबसे बड़ी ताकत बताया।


इस अवसर पर मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मोहाली के प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन एवं स्पाइन सर्जन डॉ. अनिल ढींगरा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए हड्डियों के स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। डॉ. ढींगरा ने बताया कि जीवनशैली में सही बदलाव कर हड्डियों को कमजोर होने से बचाया जा सकता है। विशेषकर महिलाओं में रजोनिवृत्ति के बाद हड्डियों से जुड़ी समस्याएं अधिक बढ़ जाती हैं, इसलिए कैल्शियम, विटामिन-डी और हार्मोन संतुलन पर ध्यान देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में पीठ दर्द एक आम समस्या है, जो गलत मुद्रा, व्यायाम व योग की कमी, भारी वजन उठाने, विटामिन-डी की कमी और ऑस्टियोपोरोसिस के कारण होती है। लगभग 90 प्रतिशत मामलों में दवाइयों, जीवनशैली में सुधार और नियमित व्यायाम से पीठ दर्द में राहत मिल जाती है। हालांकि, यदि एक महीने से अधिक समय तक दर्द बना रहे या हाथ-पैरों में सुन्नपन, कमजोरी अथवा मूत्र संबंधी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत विशेषज्ञ न्यूरोसर्जिकल परामर्श लेना चाहिए।
कार्यक्रम में सुमन लता, सोनाली बक्शी, अनु साहनी, ज्योति बजाज, रीता कटारिया, नीलम गोयल, किरण गुप्ता, मीनाक्षी शर्मा सहित कई अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं। अंत में क्लब की ओर से बताया गया कि अगला कार्यक्रम प्री-वैलेंटाइन डे सेलिब्रेशन के रूप में आयोजित किया जाएगा।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 7 0 7
Total Users : 429707
Total views : 685160

शहर चुनें