2026 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज, दक्षिण भारत में एनडीए को मजबूत करने उतरे प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली: वर्ष 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर देश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इसी क्रम में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) ने भी दक्षिण भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कमर कस ली है। तमिलनाडु में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शुक्रवार को राज्य के दौरे पर हैं।
मदुरंतकम से चुनावी अभियान की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के मदुरंतकम में एक हाई-प्रोफाइल रैली को संबोधित करेंगे। यह रैली चेन्नई–तिंडीवनम हाईवे पर आयोजित की जा रही है। इसे तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए की पहली बड़ी सार्वजनिक रैली माना जा रहा है। रैली में राज्यभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के जुटने की उम्मीद है।
एनडीए के सभी घटक दल होंगे एक मंच पर
इस रैली में एनडीए के सभी प्रमुख घटक दल हिस्सा लेंगे। इनमें ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK), भारतीय जनता पार्टी (BJP), पट्टाली मक्कल काची (PMK), तमिल मनीला कांग्रेस (TMC) और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) शामिल हैं। सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से रैली को राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है।
डीएमके सरकार को घेरने की रणनीति
भाजपा के तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता नैनार नागेंथ्रन ने बताया कि शुक्रवार, 23 जनवरी को प्रधानमंत्री मोदी मदुरंतकम से एनडीए के चुनावी अभियान का आगाज करेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली राज्य की सत्ताधारी डीएमके (DMK) सरकार को सत्ता से बेदखल करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
घोषणापत्र को लेकर ‘कॉपी’ के आरोपों पर जवाब
नैनार नागेंथ्रन ने डीएमके और एआईएडीएमके के बीच घोषणापत्र को लेकर चल रही ‘कॉपी’ की बहस पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एआईएडीएमके नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने पिछले चुनाव में महिलाओं को 1,500 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया था, जिसे अब बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का प्रस्ताव है। उन्होंने साफ किया कि समान जनकल्याण योजनाओं को नकल नहीं कहा जा सकता।
राज्य में बदलाव का दावा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य की राजनीति में बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा।













Total Users : 323598
Total views : 540330