April 5, 2026 10:04 pm

April 5, 2026 10:04 pm

CHANDIGARH: मनीमाजरा की 3 लाख आबादी के साथ अन्याय!

शिवालिक गार्डन में ‘ओपन एयर थिएटर’ प्रोजेक्ट वर्षों से ठंडे बस्ते में, समाजसेवियों ने जताया रोष

रमेश गोयत

चंडीगढ़, 22 जनवरी 2026: मनीमाजरा (सेक्टर-13) में वर्षों से प्रस्तावित ‘ओपन एयर थिएटर’ का निर्माण अब तक शुरू न होने पर स्थानीय लोगों में गहरा रोष है। मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंस वेलफेयर एसोसिएशन (MERWA) के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं समाजसेवी राजबीर सिंह भारतीय ने चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि करीब 3 लाख की आबादी वाले मनीमाजरा को सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आज भी एक स्थायी मंच नसीब नहीं हो पाया है।
राजबीर सिंह भारतीय ने बताया कि शिवालिक गार्डन में ओपन एयर थिएटर का प्रोजेक्ट कई वर्षों से प्रशासन के संज्ञान में है, लेकिन यह सिर्फ कागजों तक ही सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया द्वारा मनीमाजरा का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान शिवालिक गार्डन आकर ओपन एयर थिएटर के लिए प्रस्तावित स्थान का निरीक्षण किए जाने की उम्मीद थी, लेकिन मनीमाजरा अस्पताल और इंदिरा कॉलोनी पार्क के निरीक्षण के बाद प्रशासक शिवालिक गार्डन नहीं पहुंचे। इससे स्थानीय लोगों में भारी निराशा और नाराजगी देखी गई।

पहले भी उठ चुका है मुद्दा
MERWA के अनुसार, यह प्रोजेक्ट पूर्व चंडीगढ़ नगर निगम मेयर सुरेंद्र सिंह के कार्यकाल में प्रशासन के समक्ष रखा गया था। बावजूद इसके, आज तक धरातल पर एक ईंट भी नहीं लगी है।
ऑल मनीमाजरा वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एस.एस. परवाना ने कहा कि प्रशासक के दौरे से लोगों को उम्मीद जगी थी, लेकिन वही उम्मीद कुछ ही घंटों में निराशा में बदल गई। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशासन की उदासीनता के चलते मनीमाजरा लगातार उपेक्षा का शिकार हो रहा है।

बजट और नीयत पर सवाल
समाजसेवियों ने सवाल उठाया कि जब प्रोजेक्ट प्रशासन और नगर निगम के संज्ञान में है, तो इसके लिए बजट आवंटन और निर्माण में देरी क्यों हो रही है। क्या यह प्रशासनिक लापरवाही है या फिर जनता की जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है?
MERWA के चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि ओपन एयर थिएटर सिर्फ एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि मनीमाजरा की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा मुद्दा है। यदि जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो स्थानीय लोग आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

संयुक्त बयान में उठी मांग
राजबीर सिंह भारतीय, सुभाष धीमान, एस.एस. परवाना, समाजसेवी अरुण कुमार वशिष्ठ (एडवोकेट), मोली जागरा से पास्टर रॉबर्ट विलियम और सुभाष नगर से महिला समाजसेवी पूजा रॉय ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि मनीमाजरा प्रतिभाओं से भरा क्षेत्र है। शिवालिक गार्डन पूरे इलाके का प्रमुख मनोरंजन स्थल है और यहां ओपन एयर थिएटर बनने से स्थानीय कलाकारों, स्कूली बच्चों और युवाओं को अपनी कला दिखाने का मंच मिलेगा।

मुख्य मांगें
सांस्कृतिक विकास: नाटक, कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा।
सर्वजन उपयोग: बुजुर्गों के लिए भजन-कीर्तन, युवाओं और बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां।
प्रशासन से अपील: शिवालिक गार्डन के सौंदर्यकरण प्रोजेक्ट के तहत थिएटर के लिए बजट आवंटित किया जाए।
समाजसेवियों ने प्रशासन और नगर निगम से मांग की है कि बिना देरी के टेंडर प्रक्रिया और जमीनी कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो जनता को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। उनका कहना है कि यह ओपन एयर थिएटर न केवल मनीमाजरा की बड़ी जरूरत को पूरा करेगा, बल्कि चंडीगढ़ को “स्मार्ट सिटी” के रूप में और भी गौरव दिलाएगा।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 3 1 6
Total Users : 291316
Total views : 493610

शहर चुनें