September 21, 2026 5:18 am

September 21, 2026 5:18 am

वेस्टर्न डिस्टरबेंस से उत्तर भारत में बदला मौसम, कश्मीर से उत्तराखंड तक बर्फबारी

नई दिल्ली/श्रीनगर: उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। शुक्रवार को कश्मीर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे घाटी की वादियां सफेद चादर से ढक गईं।
सुबह जब लोग जागे तो चारों ओर बर्फ की परत नजर आई। घरों की छतों, सड़कों, वाहनों और पेड़ों पर जमी बर्फ ने नजारों को बेहद मनमोहक बना दिया। बर्फबारी के कारण सड़कें सुनसान रहीं और आम जनजीवन प्रभावित हुआ।

श्रीनगर एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द
श्रीनगर एयरपोर्ट के रनवे पर बर्फ जमने के कारण सभी उड़ानें रद्द कर दी गईं। साथ ही श्रीनगर-जम्मू और श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया।

चिल्लई कलां के दौरान सूखे का अंत
40 दिनों के भीषण शीतकाल ‘चिल्लई कलां’ के दौरान चल रहे लंबे सूखे को इस बर्फबारी ने खत्म कर दिया है। बांदीपोरा, राजौरी और डोडा सहित कई इलाके पूरी तरह बर्फ से ढक गए हैं। पूंछ जिले के मेंढर क्षेत्र में बर्फबारी के बीच एक बस फंसने की सूचना भी सामने आई है। स्थानीय लोग लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे।
हिमाचल के ऊपरी इलाकों में सीजन की पहली बर्फ
हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में भी बर्फबारी दर्ज की गई है। मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी से पर्यटकों में उत्साह देखने को मिला। पर्यटकों ने इसे यादगार अनुभव बताया। शिमला में भी सड़कों, पेड़ों और घरों पर बर्फ जमी नजर आई।
मंडी में तेज हवाओं के साथ बर्फबारी हुई, जबकि डलहौजी में बर्फ की मोटी परत जमने से कई सड़कें बंद हो गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।

उत्तराखंड में भी बदला मौसम
लंबे इंतजार के बाद उत्तराखंड में भी मौसम ने करवट ली। बदरीनाथ धाम में बारिश और बर्फबारी हुई, जबकि केदारनाथ धाम में भारी बर्फ गिरने की सूचना है।
मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक ठंड बढ़ने और बर्फबारी के चलते सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

 

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 3 6 0
Total Users : 417360
Total views : 668740

शहर चुनें