पंचकूला, 25 जनवरी। गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय, भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को पंचकूला के सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान सभी विभागों ने अपने-अपने निर्धारित कार्यक्रमों का अभ्यास किया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने मंच से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके पश्चात उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च-पास्ट की सलामी ली। परेड में हरियाणा पुलिस के जवानों ने अनुशासन, समर्पण और एकरूपता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
रिहर्सल के दौरान हरियाणा पुलिस के जवानों द्वारा प्रस्तुत डेयर डेविल शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें बाइक से किए गए हैरतअंगेज स्टंट ने उपस्थित अधिकारियों और दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इसके अलावा आर्म्स ड्रिल, मास पीटी, योग, सूर्य नमस्कार सहित अन्य शारीरिक एवं अनुशासनात्मक गतिविधियों का प्रभावशाली प्रदर्शन भी किया गया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने फुल ड्रेस में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान होने वाली सभी गतिविधियों का क्रमवार अभ्यास किया। पुलिस कमिश्नर शिवास कविराज ने प्रत्येक कार्यक्रम का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी गतिविधियों को समयबद्ध एवं आपसी समन्वय के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।

जानकारी देते हुए बताया गया कि 26 जनवरी को सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर अशीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं युद्ध वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
समारोह के दौरान विभिन्न विभागों की
जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों पर आधारित आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति समारोह की शोभा बढ़ाएगी।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन, सिटी मजिस्ट्रेट जागृति सहित पुलिस एवं अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।













Total Users : 310084
Total views : 521067