August 30, 2026 8:16 am

August 30, 2026 8:16 am

हरियाणा में घने कोहरे का कहर, येलो अलर्ट जारी; सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित

चंडीगढ़/हरियाणा: हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है और वाहन चालकों को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में राज्य के कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने की संभावना है, जिसका सीधा असर सड़क और रेल यातायात पर पड़ सकता है।
बारिश से राहत, लेकिन ठंड बरकरार
राहत की बात यह है कि आगामी चार दिनों तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, साल की शुरुआत में हुई बारिश सामान्य से 34 फीसदी अधिक रही है। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में दिख रहा है, जिससे शीतलहर चल रही है और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
कोहरा बन रहा जानलेवा
घने कोहरे के चलते प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या बढ़ रही है। मंगलवार को रेवाड़ी में घने कोहरे के कारण एक ट्रक सड़क किनारे खड़े कैंटर से टकरा गया। इस हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। वहीं, सोनीपत में भी एक बाइक सवार सड़क हादसे का शिकार हो गया, जिसमें युवक की जान चली गई।
कब बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी प्रभावित रहेगी और ठंड भी बनी रहेगी। हालांकि 10 फरवरी के बाद तापमान सामान्य से अधिक हो सकता है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता पर निर्भर करेगा। फरवरी माह में बारिश की संभावना कम बताई जा रही है, जिससे तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।
चंडीगढ़ में भी धुंध का असर
चंडीगढ़ में भी सुबह और शाम घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है और येलो अलर्ट लागू है। मौसम शुष्क रहने के बावजूद धुंध का असर हवाई यातायात पर साफ दिख रहा है। दिल्ली-चंडीगढ़ रूट की कई फ्लाइट्स रद्द कर दी गई हैं, जबकि कुछ उड़ानें दो से तीन घंटे की देरी से संचालित हो रही हैं। मंगलवार को चंडीगढ़ में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 0 0 8 6 5
Total Users : 400865
Total views : 646691

शहर चुनें