August 28, 2026 9:16 am

August 28, 2026 9:16 am

CHANDIGARH: बाग-बगीचों के रखरखाव में घोर लापरवाही पर नगर निगम आयुक्त का सख्त एक्शन, बागवानी विभाग का अधिकारी निलंबित

शिवालिक गार्डन निरीक्षण में उजागर हुई गंभीर खामियां, जवाबदेही तय
चंडीगढ़, 4 फरवरी: चंडीगढ़ नगर निगम ने सार्वजनिक बाग-बगीचों के रखरखाव में लापरवाही को लेकर कड़ा रुख अपनाया है। जवाबदेही सुनिश्चित करने और नागरिक सुविधाओं के उच्च मानकों को बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त अमित कुमार, आईएएस ने बागवानी विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
शिवालिक गार्डन निरीक्षण में सामने आई लापरवाही
4 फरवरी को नगर निगम आयुक्त ने मनीमाजरा स्थित शिवालिक गार्डन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उद्यान की साफ-सफाई, पौधों की देखरेख, हरियाली के रखरखाव और समग्र प्रबंधन में गंभीर कमियां पाई गईं। सार्वजनिक संपत्ति की यह दयनीय स्थिति घोर लापरवाही और प्रभावी पर्यवेक्षण के अभाव को दर्शाती है, जिसे नगर निगम प्रशासन ने अत्यंत गंभीरता से लिया।

सहायक अभियंता पर तय हुई जिम्मेदारी
जांच के बाद इन चूकों की जिम्मेदारी  रोहित गर्ग, सहायक अभियंता (एई) पर तय की गई, जो वर्तमान में संबंधित क्षेत्र के लिए उप-मंडल अभियंता (एसडीई – बागवानी) के पद पर कार्यरत थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए, केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के नियम 10(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन अवधि के दौरान ये रहेंगी शर्तें
निलंबन अवधि के दौरान रोहित गर्ग का मुख्यालय कार्यकारी अभियंता, बागवानी प्रभाग संख्या-1, चंडीगढ़ नगर निगम का कार्यालय निर्धारित किया गया है। वे सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। साथ ही, वे संबंधित नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे। यह निलंबन आदेश अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

वैकल्पिक व्यवस्था लागू
क्षेत्र में बागवानी कार्यों और रखरखाव में किसी भी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए नगर निगम ने अस्थायी रूप से अतिरिक्त प्रभार सौंपने की व्यवस्था की है—
एसडीई (बागवानी) का अतिरिक्त प्रभार:  अंग्रेज सिंह, एसडीई (बागवानी)
जेई (बागवानी) का अतिरिक्त प्रभार: शुभम, जेई (बागवानी)
यह व्यवस्था अगले आदेश तक या निलंबन समाप्त होने तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।
लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं: आयुक्त
नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने कर्तव्यों के निर्वहन में शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने दोहराया कि चंडीगढ़ नगर निगम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं और सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं हरित सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 9 9 3 4 7
Total Users : 399347
Total views : 644612

शहर चुनें