September 22, 2026 5:22 am

September 22, 2026 5:22 am

हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में बारिश-बूंदाबांदी से बढ़ी ठंड

चंडीगढ़: हरियाणा में मंगलवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ले ली। भिवानी, हिसार, हांसी, सिरसा, रेवाड़ी और झज्जर सहित आसपास के इलाकों में बारिश और हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। कई स्थानों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे ठंडक का अहसास बढ़ गया। दिन में गर्मी और रात में ठंड के इस बदले मिजाज ने लोगों को हैरान कर दिया है। मौसम में आए इस बदलाव से जहां किसानों की चिंता बढ़ी है, वहीं आमजन को भी तापमान के उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ रहा है।

तेज हवाओं से बढ़ी ठिठुरन
बारिश के साथ चली उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिशा की तेज हवाओं ने ठंडक में इजाफा कर दिया। हालांकि इसके बावजूद राज्य के औसत अधिकतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। फिलहाल तापमान सामान्य से लगभग 2.7 डिग्री अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार प्रदेश के 13 जिलों—अंबाला, हिसार, रोहतक, भिवानी, सिरसा, फरीदाबाद, गुरुग्राम, जींद, करनाल, महेंद्रगढ़, नूंह, पानीपत और सोनीपत—में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है।

रोहतक सबसे गर्म, गुरुग्राम में सबसे ठंडी रात
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक रोहतक प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी और महेंद्रगढ़ में भी पारा 27 डिग्री के आसपास रहा। वहीं न्यूनतम तापमान में औसतन 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन यह अभी सामान्य के आसपास ही बना हुआ है। सबसे कम न्यूनतम तापमान गुरुग्राम में 7.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अंबाला में 10.4, हिसार में 9.5 और करनाल में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। रोहतक, नारनौल और फरीदाबाद में भी रात का तापमान 9 से 11 डिग्री के बीच रहा।

16 फरवरी तक रहेगा शुष्क लेकिन परिवर्तनशील मौसम
हिसार स्थित चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. चंद्रशेखर डागर के अनुसार, “16 फरवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क लेकिन परिवर्तनशील रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे रात के तापमान में हल्की गिरावट और दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।”

पश्चिमी विक्षोभ से फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि 16 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। 16 फरवरी की रात और 17 फरवरी को प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सावधानी बरतने की सलाह दी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 1 7 8 8 3
Total Users : 417883
Total views : 669396

शहर चुनें