Delhi Schools Bomb Threat : देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह एक बार फिर हड़कंप मच गया जब शहर के कुछ प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद स्कूल प्रशासन और अभिभावकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अब तक तीन स्कूलों को इस तरह की धमकी मिलने की पुष्टि हुई है। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। एहतियात के तौर पर स्कूलों को खाली करा लिया गया और छात्रों को सुरक्षित उनके घर वापस भेज दिया गया है। पुलिस ने परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया है, हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
झंडेवालन के स्कूल ने सबसे पहले दी सूचना
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, धमकी की सूचना सबसे पहले मध्य दिल्ली से आई। झंडेवालन स्थित बीटी तमिल स्कूल प्रशासन ने सुबह करीब 9:12 बजे दमकल विभाग को सूचित किया कि उन्हें एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसके तुरंत बाद पुलिस हरकत में आ गई। इसी बीच, एक अन्य प्रभावित स्कूल ने अभिभावकों को संदेश भेजकर बताया कि ‘आज सुबह स्कूल को सुरक्षा संबंधी खतरा महसूस हुआ है, जिसके बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।’ स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर को पूरी तरह सुरक्षित (Safe) घोषित किए जाने के बाद ही कक्षाएं दोबारा शुरू की जाएंगी।

पुलिस की पकड़ से दूर हैं आरोपी, हौसले बुलंद
दिल्ली-एनसीआर में स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का यह सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, जो सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय है। यह पहली बार नहीं है जब स्कूलों को निशाना बनाया गया हो। अभी कुछ दिन पहले ही दिल्ली के 13 स्कूलों को ऐसी ही धमकी मिली थी। इसके बाद पंजाब और चंडीगढ़ के 10 स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल भेजे गए थे। पिछले साल तो एक साथ दिल्ली और नोएडा के करीब 200 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हैरानी की बात यह है कि पुलिस अभी तक इन फर्जी ईमेल भेजने वालों का सुराग नहीं लगा पाई है और न ही मुख्य आरोपी तक पहुंच सकी है। बार-बार मिल रही इन धमकियों से पता चलता है कि पुलिस की पकड़ से दूर होने के कारण शरारती तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
यह भी पढ़े : https://babugirihindi.com/archives/6464













Total Users : 344117
Total views : 569504