June 21, 2026 1:56 pm

June 21, 2026 1:56 pm

ITBP: प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र भानू में 500 हिमवीरांगनाएं देश सेवा के लिए तैयार

पंचकूला | 17 फरवरी. प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (भानू) में 492वें कांस्टेबल/जीडी (रिक्रूट) महिला बैच का भव्य दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। देश के 29 राज्यों से आईं कुल 500 महिला प्रशिक्षणार्थियों ने 44 सप्ताह का कठोर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण कर बल की ‘हिमवीर’ परंपरा में कदम रखा।
समारोह में महानिदेशक, आईटीबीपी शत्रुजीत सिंह कपूर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महानिरीक्षक, बीटीसी अशोक नेगी द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, संस्थान के पदाधिकारी, उनके परिवारजन तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे।


परेड की कमान कांस्टेबल/जीडी (रिक्रूट) अटलकम मीनाक्षी (प्रथम वाहिनी) ने संभाली। वहीं, कांस्टेबल/जीडी (रिक्रूट) दीक्षा भगोली (21वीं वाहिनी) को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी घोषित किया गया। मुख्य अतिथि शत्रुजीत सिंह कपूर ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला प्रशिक्षणार्थियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में महानिदेशक कपूर ने प्रशिक्षण पूर्ण करने पर सभी हिमवीरांगनाओं को बधाई देते हुए कहा कि अब वे आईटीबीपी जैसे अनुशासित बल के ‘हिमवीर’ परिवार की प्रशिक्षित सदस्य बन गई हैं। उन्होंने इसे देश सेवा का गौरवपूर्ण अवसर बताते हुए निरंतर सीखने, अनुशासन और समर्पण बनाए रखने का आह्वान किया।
इसके पश्चात बीटीसी भानू के जवानों ने साहस, अनुशासन और शारीरिक क्षमता को दर्शाते हुए आकर्षक प्रदर्शन प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
महानिरीक्षक अशोक नेगी के नेतृत्व में प्रशिक्षण केन्द्र के प्रशिक्षकों ने प्रशिक्षणार्थियों का समय-समय पर मनोबल बढ़ाया। प्रशिक्षण के दौरान ड्रिल, हथियार संचालन, मैप रीडिंग, टैक्टिक्स सहित विविध विषयों पर 44 सप्ताह का कठोर अभ्यास कराया गया, ताकि वे सेवा के दौरान और दैनिक जीवन की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 4 9 0 6 3
Total Users : 349063
Total views : 576339

शहर चुनें