April 6, 2026 12:33 pm

April 6, 2026 12:33 pm

हरियाणा के युवा हर क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं: भारत भूषण भारती

भारत भूषण भारती ने 153 किलोमीटर ट्रैकिंग पूरी करने वाले विद्यार्थियों को दी बधाई, युवाओं की क्षमता को सराहा

मुख्यमंत्री हरियाणा के ओएसडी भारत भूषण भारती ने किया युवाओं के साथ संवाद

एमडीयू के विद्यार्थियों ने नेचर कैंप थपली में दो दिवसीय ट्रैकिंग कार्यक्रम में लिया भाग

पंचकूला, 23 फरवरी: महर्षि दयानन्द विश्विद्यालय (एमडीयू) के विद्यार्थियों ने नेचर कैंप थपली में आयोजित दो दिवसीय ट्रैकिंग एवं शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह विशेष भ्रमण हरियाणा सरकार के युवा कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।

इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने सात दिनों में 153 किलोमीटर की ट्रैकिंग सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके साहस, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि हरियाणा के युवाओं में किसी भी कार्य को करने की अपार क्षमता है तथा प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के साहसिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा आत्मविश्वास को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत भूषण भारती ने विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

युवा कल्याण संयोजक नरेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इस दो दिवसीय विशेष यात्रा का उद्देश्य विभिन्न विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों को प्रकृति के निकट लाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञानवर्धन करना है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को समझते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पहचान रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान डिप्टी रेंजर विजय नेहरा ने विद्यार्थियों को जलवायु परिवर्तन विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के कारणों, इसके दुष्प्रभावों तथा इससे निपटने के उपायों पर प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने व्याख्यान में गहरी रुचि दिखाई और विभिन्न प्रश्नों के माध्यम से विषय की गहन जानकारी प्राप्त की।

विद्यार्थियों ने ट्रैकिंग के साथ-साथ प्राकृतिक वातावरण का अवलोकन किया तथा जैव विविधता के संरक्षण के महत्व को समझा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना और उन्हें सतत विकास के लिए प्रेरित करना रहा।

 

सीबीएलयू भिवानी के विद्यार्थी करेंगे नेचर कैंप थपली का अवलोकन, ट्रैकिंग में लेंगे भाग

चौधरी बंसीलाल विश्विद्यालय (सीबीएलयू), भिवानी के विद्यार्थी नेचर कैंप थपली का अवलोकन करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थी ट्रैकिंग गतिविधियों में भाग लेंगे। विद्यार्थी प्राकृतिक परिवेश में रहकर पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करेंगे तथा प्रकृति के विविध आयामों को निकट से समझेंगे।

 

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 4 9 0
Total Users : 291490
Total views : 493855

शहर चुनें