September 21, 2026 5:31 am

September 21, 2026 5:31 am

भिलाई में सात व्यक्तियों ने पुनः सिख धर्म अपना कर की ‘घर-वापसी’

धर्म परिवर्तन कर चुके सभी सिखों की घर-वापसी के लिए हर संभव प्रयास करेंगे: इंद्रजीत सिंह छोटू

भिलाई, 25 फरवरी 2026:सिख युवा सेवा समिति भिलाई, छत्तीसगढ़ द्वारा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू और छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के अध्यक्ष जसवीर सिंह चाहल के नेतृत्व में तथा भिलाई की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों की उपस्थिति में यहाँ सुपेला स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह शहीदां में सात व्यक्तियों ने सिख धर्म और मानवता की सेवा के सिद्धांतों से प्रभावित होकर पुनः सिख धर्म अपना कर घर-वापसी की है। इन व्यक्तियों ने पिछले समय दौरान किन्हीं पारिवारिक परिस्थितियों या प्रलोभन के कारण अपना धर्म परिवर्तन कर लिया था।

इस अवसर पर सिख पंचायत के महासचिव गुरनाम सिंह और सिख युवा सेवा समिति के कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह ने बताया कि आज श्री आनंद साहिब के पाठ और अरदास के उपरांत गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह सुरिंदर सिंह दर्दी ने हुक्मनामा लेकर इन सभी व्यक्तियों को सिरोपा भेंट कर उनकी घर-वापसी कराई।

‘मानव सेवा, माधव सेवा’ मिशन के तहत इस विशेष कार्य के लिए भिलाई के गणमान्य व्यक्तियों ने सिख युवा सेवा समिति और सर्व समाज कल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह छोटू के यत्नों की प्रशंसा की। इस मौके पर बोलते हुए इंद्रजीत छोटू ने कहा कि धर्म परिवर्तन करने वाले सभी सिखों की घर-वापसी के लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे और उनकी जरूरतों व परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सिख समुदाय की सहायता से उनकी हर संभव मदद की जाएगी। भिलाई की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के पदाधिकारियों ने इंद्रजीत सिंह छोटू को इस सराहनीय प्रयास के लिए बधाई भी दी।

इस घर-वापसी कार्यक्रम में अन्य लोगों के अलावा पलविंदर सिंह रंधावा, गुरमीत सिंह गांधी, बलजिंदर सिंह कलेर, बीबी कुलवंत कौर, तजिंदर सिंह, हरपाल सिंह, जसवंत सिंह खालसा, सुच्चा सिंह, पवित्र सिंह, त्रिलोचन सिंह, कुलदीप सिंह, रणजीत सिंह, सुखदेव सिंह लाडी, जगजीत सिंह सग्गू, अमन सिंह, निर्मल सिंह रंधावा, दिग्विजय सिंह, महिंदर सिंह और भारी संख्या में महिलाओं ने शिरकत की।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

4 1 7 3 6 2
Total Users : 417362
Total views : 668743

शहर चुनें