April 5, 2026 1:38 pm

April 5, 2026 1:38 pm

नरेन्द्र मोदी का इजराइल दौरा: आतंकवाद पर सख्त संदेश, शांति के लिए वैश्विक एकजुटता का आह्वान

यरूशलम/नई दिल्ली, बुधवार: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने दो दिवसीय इजराइल दौरे के दौरान Knesset (इजराइल की संसद) को संबोधित करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत की “सुसंगत और अडिग” नीति दोहराई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इजराइल की तरह भारत भी आतंकवाद को कतई बर्दाश्त नहीं करता और नागरिकों की हत्या को किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं ठहराया जा सकता।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद का खतरा किसी एक देश तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरी दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए चुनौती है। इसलिए इसके खिलाफ निरंतर और समन्वित वैश्विक कार्रवाई आवश्यक है।

7 अक्टूबर हमले की कड़ी निंदा, इजराइल के साथ एकजुटता
प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2023 को Hamas द्वारा किए गए “बर्बर आतंकवादी हमले” की निंदा करते हुए कहा, “हम आपके दर्द को महसूस करते हैं, हम आपके शोक में आपके साथ हैं।”
उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत पूरी दृढ़ता के साथ इजराइल के साथ खड़ा है। साथ ही उन्होंने गाजा में शांति की पहल का समर्थन करते हुए संवाद और स्थिरता पर बल दिया।

शांति, संवाद और वैश्विक जिम्मेदारी पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा, “शांति का मार्ग हमेशा आसान नहीं होता, लेकिन भारत इस क्षेत्र में संवाद, शांति और स्थिरता के लिए आपके और विश्व के साथ खड़ा है।”
उन्होंने 1.4 अरब भारतीयों की ओर से मित्रता, सम्मान और साझेदारी का संदेश देते हुए कहा कि भारत और इजराइल के संबंधों का दायरा लगातार बढ़ा है और दोनों देश कई क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

सांस्कृतिक समानताओं का उल्लेख
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और इजराइल की सांस्कृतिक परंपराओं का जिक्र करते हुए कहा कि इजराइल में “टिक्कुन ओलाम” का सिद्धांत विश्व को स्वस्थ करने की बात करता है, जबकि भारत में “वसुधैव कुटुंबकम” पूरे विश्व को एक परिवार मानने की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने दोनों देशों के त्योहारों की समानताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां इजराइल में हनुक्का मोमबत्तियों की रोशनी के साथ मनाया जाता है, वहीं भारत में दिवाली दीपों के प्रकाश से जगमगाती है। इसी तरह भारत में होली और इजराइल में पुरिम लगभग एक ही समय उत्साह के साथ मनाए जाते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और इजराइल की मित्रता एक अनिश्चित वैश्विक परिदृश्य में शक्ति का स्रोत बनी रहनी चाहिए।

संसद में ‘मोदी-मोदी’ के नारे
प्रधानमंत्री के Knesset पहुंचने पर सांसदों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया और ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। उनके भाषण के दौरान कई बार सांसदों ने मेजें थपथपाकर समर्थन जताया।

स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित
इस अवसर पर इजराइल की संसद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ (नेसट अध्यक्ष पदक) से सम्मानित किया। यह Knesset का सर्वोच्च सम्मान है।
यह सम्मान भारत और इजराइल के बीच रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने में उनके व्यक्तिगत नेतृत्व और असाधारण योगदान की मान्यता में प्रदान किया गया।
प्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 1 1 5 6
Total Users : 291156
Total views : 493348

शहर चुनें