April 5, 2026 6:18 am

April 5, 2026 6:18 am

HARYANA: राज्यसभा चुनाव जीत पर कांग्रेस का आभार, बीजेपी पर वोट चोरी के आरोप

दीपेन्द्र हुड्डा बोले— लोकतंत्र और संविधान की जीत, विधायक बने नायक

वरुण चौधरी ने साधा निशाना— बीजेपी की “वोट चोरी” नाकाम रही
चंडीगढ़। हरियाणा के राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेताओं ने पार्टी विधायकों का आभार जताते हुए इसे लोकतंत्र और संविधान की जीत बताया। सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, जय प्रकाश (जेपी), वरुण चौधरी और सतपाल ब्रह्मचारी ने संयुक्त रूप से कांग्रेस विधायकों को धन्यवाद दिया और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए।
सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने मजबूती से पार्टी के साथ खड़े रहकर लोकतंत्र को बचाने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने “साम-दाम-दंड-भेद” की राजनीति करते हुए चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की, लेकिन उसमें सफल नहीं हो सकी। हुड्डा ने कहा कि “यह लोकतंत्र और बाबा साहब के संविधान की जीत है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रिटर्निंग अधिकारी ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाते हुए कांग्रेस के चार वोट गलत तरीके से रद्द किए। हुड्डा ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि पहले पार्षदों की वोट चोरी हुई थी और अब विधायकों की वोट चोरी की गई।
सांसद वरुण चौधरी ने कहा कि बीजेपी ने संख्या बल न होने के बावजूद अनुसूचित जाति के उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध का विरोध कर अपना “दलित विरोधी चेहरा” उजागर किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वोट में कोई कमी नहीं थी, बल्कि बीजेपी की “वोट चोरी” की कोशिश नाकाम रही।
सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कांग्रेस विधायकों की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कठिन परिस्थितियों में पार्टी के उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित की। उन्होंने दीपेन्द्र हुड्डा की रणनीति और मेहनत को जीत का प्रमुख कारण बताया।
सांसद जय प्रकाश (जेपी) ने बीजेपी और इनेलो पर निशाना साधते हुए कहा कि “बीजेपी के पास इनेलो के जरिए वोटों का बंटवारा करने से बेहतर कोई टूल नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विधायकों को खरीदने की कोशिश की गई, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
कांग्रेस नेताओं ने इस जीत के लिए पार्टी नेतृत्व—अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल—का विशेष आभार जताया।

राज्यसभा चुनाव के बाद हरियाणा की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। कांग्रेस जहां इसे लोकतंत्र की जीत बता रही है, वहीं बीजेपी पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के आरोप लगाकर सियासी तापमान बढ़ा दिया है।

BabuGiri Hindi
Author: BabuGiri Hindi

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

2 9 0 9 8 2
Total Users : 290982
Total views : 493101

शहर चुनें