May 23, 2026 8:24 pm

May 23, 2026 8:24 pm

मोहाली पुलिस ने सुलझाया हाई-प्रोफाइल चोरी कांड, 4 आरोपी गिरफ्तार; सोना, नकदी और हथियार बरामद

रमेश गोयत

मोहाली, 20 मार्च। मोहाली पुलिस ने सेक्टर-77 स्थित एक कोठी में हुई लाखों की चोरी के मामले को सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक दिलप्रीत सिंह  ने जानकारी देते हुए बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरमनदीप सिंह हंस  के निर्देशों पर इस मामले की गंभीरता से जांच की गई। यह चोरी 14 फरवरी 2026 को कोठी नंबर-484, सेक्टर-77 में हुई थी, जहां शादी समारोह के दौरान अज्ञात आरोपियों ने कमरे से गहनों और नकदी से भरा सूटकेस चोरी कर लिया था।

इस संबंध में सोहाना थाना में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305(बी), 61(2), 317(2) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25, 54, 59 के तहत केस दर्ज किया गया था।

टीमवर्क से मिली सफलता

एसएसपी के निर्देश पर सोहाना थाना और सीआईए स्टाफ की संयुक्त टीमें बनाई गईं। पुलिस अधीक्षक (जांच) सौरभ जिंदल, एसपी (ऑपरेशन) तलविंदर सिंह गिल, डीएसपी राजन परमिंदर सिंह और डीएसपी हरसिमरन सिंह बाल के नेतृत्व में इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह की टीम ने तकनीकी और मानव खुफिया तंत्र के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

हिमाचल से लेकर लुधियाना तक चला ऑपरेशन

पुलिस ने 11 मार्च 2026 को हिमाचल प्रदेश के मैक्लोडगंज से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि चौथे आरोपी को लुधियाना बस स्टैंड के पास से पकड़ा गया।

घर में काम करने वाली महिला ही निकली मास्टरमाइंड

जांच में सामने आया कि नेहा धमीजा, जो पिछले 4-5 महीनों से घर में शिशु देखभाल का काम कर रही थी, घर की पूरी जानकारी रखती थी। उसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

चोरी के पैसों से खरीदा अवैध हथियार

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी की रकम से उन्होंने मध्य प्रदेश से एक .30 बोर की अवैध पिस्तौल और कारतूस खरीदे थे, ताकि भविष्य में अन्य अपराधों को अंजाम दे सकें।

गिरफ्तार आरोपी

बलकार सिंह उर्फ बॉबी (21), निवासी बाघा पुराना, जिला मोगा

जसकरण सिंह उर्फ जस्स (26), निवासी बाघा पुराना, जिला मोगा

प्रीतपाल सिंह उर्फ अर्शी (19), निवासी बाघा पुराना, जिला मोगा (पहले एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज)

नेहा धमीजा (26), निवासी बाघा पुराना, जिला मोगा

बरामदगी

.30 बोर की पिस्तौल व 2 जिंदा कारतूस

करीब 37 तोला सोने के आभूषण

1.50 लाख रुपये नकद

चोरी की रकम से खरीदा गया फर्नीचर व इलेक्ट्रॉनिक सामान

वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने कुछ सामान नायलॉन नहर में फेंकने की बात भी कबूल की है। फिलहाल सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 5 5 7
Total Users : 323557
Total views : 540274

शहर चुनें