नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति से 95 हजार से ज्यादा तस्कर गिरफ्तार, 772 करोड़ की संपत्ति जब्त; गैंगस्टरों पर बड़ी कार्रवाई का दावा
बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 21 मार्च: भगवंत सिंह मान ने ‘शानदार चार साल, भगवंत मान के साथ’ श्रृंखला के तहत पंजाब सरकार के चार वर्षों का कानून-व्यवस्था पर रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए दावा किया कि राज्य में सुरक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सुधार नशों के खिलाफ सख्त नीति, संगठित अपराध पर लगातार कार्रवाई, पुलिस सुधारों और बढ़ते औद्योगिक निवेश से साफ झलकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था मजबूत होने का सबसे बड़ा प्रमाण राज्य में बढ़ता निवेश है। उन्होंने बताया कि एक बड़े स्टील प्लांट द्वारा 3200 करोड़ रुपये का निवेश और अन्य वैश्विक कंपनियों की रुचि इस बात का संकेत है कि पंजाब अब सुरक्षित और निवेश के लिए अनुकूल राज्य बन चुका है।
नशा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सरकार की ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत सख्त कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि मार्च 2022 से अब तक:
95,881 नशा तस्कर और सप्लायर गिरफ्तार किए गए
एनडीपीएस एक्ट के तहत 71,228 एफआईआर दर्ज
10,085 बड़े तस्कर पकड़े गए
6,109 व्यावसायिक स्तर की नशीली खेपें जब्त
बरामदगी के आंकड़े साझा करते हुए उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान:
5625 किलोग्राम हेरोइन
3461 किलोग्राम अफीम
1628 क्विंटल भुक्की
4.96 करोड़ नशीले इंजेक्शन, गोलियां और कैप्सूल
बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा 54.47 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई और 3440 भगोड़े अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि 1556 तस्करों की 772 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियां जब्त कर उन पर शिकंजा कसा गया है।
गैंगस्टरों पर शिकंजा, 1105 गिरोह निष्क्रिय
संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई पर मुख्यमंत्री ने बताया कि एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के गठन के बाद:
2858 गैंगस्टर और अपराधी गिरफ्तार
35 अपराधी निष्क्रिय
1105 गैंगों का भंडाफोड़
2267 हथियार और 655 वाहन बरामद
उन्होंने कहा कि अप्रैल 2022 से मार्च 2026 तक 38 सनसनीखेज मामलों—जिनमें हत्या, फिरौती, बैंक डकैती और आतंकी साजिशें शामिल हैं—को सुलझाया गया है।
सीमा पर एंटी-ड्रोन सिस्टम, 806 ड्रोन बरामद
सीमा सुरक्षा को लेकर भगवंत सिंह मान ने कहा कि पाकिस्तान से लगती लगभग 560 किलोमीटर लंबी सीमा पर ड्रोन के जरिए तस्करी रोकने के लिए राज्य सरकार ने अपने संसाधनों से एंटी-ड्रोन सिस्टम स्थापित किया है।
उन्होंने बताया:
806 ड्रोन बरामद
1472 ड्रोन गतिविधियां ट्रैक
341 अवैध हथियार जब्त
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से फंड की मांग के बावजूद सहायता नहीं मिली, जिसके बाद राज्य ने खुद यह पहल की।
पुलिस भर्ती और आधुनिकीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने नियमित पुलिस भर्ती सुनिश्चित की है। पिछले चार वर्षों में:
12,197 भर्तियां की गईं
1062 सब-इंस्पेक्टर
450 हेड कांस्टेबल
10,285 कांस्टेबल
इसके अलावा:
1746 कांस्टेबल (2025) भर्ती प्रक्रिया में
3298 कांस्टेबल (2026) के लिए आवेदन आमंत्रित
पुलिस आधुनिकीकरण के तहत 327.69 करोड़ रुपये खर्च कर 2904 वाहन खरीदे गए हैं।
सड़क सुरक्षा फोर्स से मौतों में 48% कमी
जनवरी 2024 में शुरू की गई सड़क सुरक्षा फोर्स को मुख्यमंत्री ने बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे सड़क हादसों में मृत्यु दर में 48% की कमी आई है।
फरवरी 2024 से जनवरी 2026 के बीच:
43,983 हादसों में सहायता
47,386 पीड़ितों की मदद
27,413 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
सेफ सिटी प्रोजेक्ट और तकनीकी सुधार
सरकार ने एस.ए.एस. नगर और जालंधर में सेफ सिटी प्रोजेक्ट लागू किया है, जिसे जल्द ही लुधियाना, अमृतसर और पटियाला में भी शुरू किया जाएगा।
अकाली नेतृत्व पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विपक्ष, खासकर अकाली नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने पहले गैंगस्टरों को संरक्षण दिया और उन्हें राजनीतिक ताकत दी, वे अब खुद को सुधारक के रूप में पेश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “सबको पता है कि गैंगस्टरों को टिकट किसने दिए और उन्हें हलका इंचार्ज बनाया। ऐसे लोग अब इतिहास को बदलने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे जवाबदेही से बच नहीं सकते।”
निवेश और खेल आयोजनों से बढ़ा भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में बड़े निवेश और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों का आना कानून-व्यवस्था में सुधार का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि राज्य अक्टूबर में एशिया कप हॉकी की मेजबानी भी करेगा, जिससे पंजाब की सकारात्मक छवि और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पंजाब आज देश के सबसे सुरक्षित और शांत राज्यों में शामिल हो चुका है। सरकार की सख्त नीतियों, पुलिस सुधारों और तकनीकी उपायों के कारण न केवल अपराध पर अंकुश लगा है, बल्कि निवेशकों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।











Total Users : 291250
Total views : 493505