October 12, 2026 2:10 pm

October 12, 2026 2:10 pm

विशेष गिरदावरी न कराने पर AAP का बीजेपी सरकार पर हमला

ओलावृष्टि और बारिश से 60-70% फसल बर्बाद, न सर्वे न मुआवजा: अनुराग ढांडा

बाबूगिरी ब्यूरो

चंडीगढ़, 21 मार्च 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने हरियाणा में हाल ही में हुई ओलावृष्टि, तेज बारिश और आंधी से किसानों की बर्बाद फसलों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा ने किसानों की सालभर की मेहनत को बर्बाद कर दिया, लेकिन सरकार अब तक न तो कोई ठोस सर्वे करा पाई है और न ही मुआवजे का ऐलान किया गया है।
ढांडा ने बताया कि पानीपत, करनाल, कैथल, यमुनानगर, रोहतक, झज्जर, सोनीपत, भिवानी और कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी के कारण गेहूं और सरसों की फसल 60 से 70 प्रतिशत तक खराब हो चुकी है। कई क्षेत्रों में 10 से 20 एमएम तक बारिश दर्ज की गई, जिससे खेतों में पानी भर गया और फसल बर्बादी के कगार पर पहुंच गई। वहीं अनाज मंडियों में भी सरसों की बोरियां भीगने से किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह सिर्फ फसल का नुकसान नहीं, बल्कि किसानों की उम्मीदों और उनके परिवार के भविष्य पर सीधा असर है। किसान कर्ज लेकर खेती करता है, लेकिन संकट के समय सरकार पूरी तरह नदारद नजर आती है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए अनुराग ढांडा ने सवाल उठाया कि क्या सरकार को किसानों की पीड़ा दिखाई नहीं दे रही। उन्होंने कहा कि अब तक कई प्रभावित क्षेत्रों में विशेष गिरदावरी तक शुरू नहीं हुई है, जो सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।
ढांडा ने “डबल इंजन सरकार” पर तंज कसते हुए इसे “डबल धोखा” करार दिया और कहा कि चुनाव के समय किसानों को खुशहाल बनाने के वादे करने वाली सरकार आज उन्हें असहाय छोड़ चुकी है। खेतों में फसल बर्बाद पड़ी है, लेकिन सरकार के नेता केवल बयानबाजी में लगे हैं।
उन्होंने मांग की कि पूरे हरियाणा में तुरंत विशेष गिरदावरी शुरू की जाए, पारदर्शी तरीके से फसल का आकलन किया जाए और किसानों को प्रति एकड़ उचित मुआवजा सीधे उनके खातों में दिया जाए। साथ ही पंजाब की तर्ज पर हरियाणा में भी 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा घोषित किया जाए।
अनुराग ढांडा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द राहत और न्याय नहीं दिया, तो आम आदमी पार्टी किसानों की आवाज को हर स्तर पर उठाएगी और आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगी।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

Our Visitor

4 2 9 1 7 8
Total Users : 429178
Total views : 684399

शहर चुनें