May 23, 2026 5:35 pm

May 23, 2026 5:35 pm

HARYANA: CM नायब सिंह सैनी ने गोहाना को दी बड़ी सौगात, करोड़ों की विकास परियोजनाओं की घोषणा

बाबूगिरी ब्यूरो
चंडीगढ़, 29 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गोहाना विधानसभा क्षेत्र में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली के दौरान क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे हरियाणा में समान विकास और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर के अपने संकल्प पर तेजी से काम कर रही है।
रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने गोहाना में एक आधुनिक स्पोर्ट्स स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही ड्रेन नंबर-8 पर भगवान परशुराम विरासत पार्क, जॉगिंग ट्रैक और भूमि उपलब्ध होने पर पीपीपी मोड पर कमर्शियल स्पेस के साथ मल्टी-स्टोरी पार्किंग बनाने का ऐलान किया।
स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री ने भगत फूल सिंह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में पीपीपी मोड पर कार्डियक कैथ लैब स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद शैक्षणिक सत्र 2027-28 से यहां फिजियोथेरेपी कॉलेज की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी।
इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने सोनीपत रोड पर शिवधाम, महम रोड पर नया 33 केवी सबस्टेशन और खानपुर कलां के 33 केवी सबस्टेशन को अपग्रेड करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जनगणना, परिसीमन और एसआईआर का कार्य पूरा होने के बाद खानपुर कलां सब-तहसील को तहसील में अपग्रेड किया जाएगा, जबकि बरोदा और फरमाना में नई सब-तहसीलें बनाई जाएंगी। इसके अलावा ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव पर गांव गढ़ी उजालेखां का नाम बदलकर कृष्ण नगर और गढ़ी नामदारखां का नाम सुंदर नगर रखने की घोषणा भी की गई।
पर्यटन और शहरी विकास को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराने पर गोहाना में टूरिज्म रिसॉर्ट बनाया जाएगा। एचएसवीपी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा और नए सेक्टरों में सामाजिक संस्थाओं के लिए प्लॉट भी निर्धारित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के साथ गांव रुखी से आहुलाना तक सर्विस लेन बनाने के लिए नेशनल हाईवे से अनुमति ली जाएगी। इसके अलावा सिंचाई भवन, जल शक्ति भवन और रेस्ट हाउस का नवीनीकरण किया जाएगा। ड्रेन नंबर-4 को पक्का करने, गोहाना माइनर के पुनर्निर्माण और क्षेत्र में विभिन्न नालों पर पुलों के निर्माण एवं मरम्मत की भी घोषणा की गई।
शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए मुख्यमंत्री ने मिडिल स्कूल गढ़ी सराय नामदारखां को सीनियर सेकेंडरी स्तर पर अपग्रेड करने के लिए कमेटी गठित करने की बात कही। साथ ही गोहाना विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों में विकास कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की।
पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महिपुर-कवरेड़ी गांवों में 8 करोड़ रुपये की लागत से नहर आधारित पेयजल परियोजना शुरू की जाएगी। खानपुर कलां में 5.5 करोड़ रुपये से पेयजल सप्लाई और सीवर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसके अलावा सरकथल, बडोता, किलोहड़त और डोढवा रतनगढ़ गांवों में 12.50 करोड़ रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा। खेड़ी दमगन में दो गहरे ट्यूबवेल लगाए जाएंगे और हसनयारपुर, तिहाड़कलां व बड़वासनी गांवों में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने गोहाना की नई अनाज मंडी में कवर्ड शेड और प्लेटफॉर्म बनाने तथा मार्केटिंग बोर्ड की सड़कों के नवीनीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि गोहाना के वैकल्पिक पश्चिमी बाईपास के लिए 50 प्रतिशत भूमि किसानों की सहमति से प्राप्त हो चुकी है और शेष भूमि मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए गोहाना-बरोदा रोड पर अंडरब्रिज और गोहाना-महम रोड पर ओवरब्रिज बनाने के लिए रेल मंत्रालय से अनुमति लेने की बात कही गई। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग की सात सड़कों के नवीनीकरण के लिए 6.90 करोड़ रुपये और 101 किलोमीटर लंबी 34 सड़कों की मरम्मत की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना के तहत 25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा।
उन्होंने गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की और नगर परिषद की म्युनिसिपल लिमिट बढ़ाने के प्रस्ताव पर एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद विचार करने का आश्वासन दिया।
देशवासियों से एकजुट रहने की अपील
इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि विभिन्न देशों के बीच चल रहे तनावपूर्ण हालात में देशवासियों को एकजुट रहकर मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश हर चुनौती का मजबूती से सामना कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी कम करने से आम जनता को राहत मिली है, जबकि अन्य देशों में कीमतें बढ़ रही हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर अफवाह फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार विकास और जनकल्याण के कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 2 3 4 6 8
Total Users : 323468
Total views : 540140

शहर चुनें