June 10, 2026 2:13 pm

June 10, 2026 2:13 pm

HARYANA: पूर्व DGP के नाम पर व्हाट्सएप हैक कर ठगी, बिहार से आरोपी गिरफ्तार

बाबूगिरी ब्यूरो
पंचकूला, 30 मार्च — पंचकूला पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने एक बड़े साइबर फ्रॉड मामले का खुलासा करते हुए बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह मामला हरियाणा के पूर्व डीजीपी कंवर निर्मल सिंह के व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर उनके नाम पर ठगी करने से जुड़ा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
शिकायत के अनुसार, 9 मार्च 2026 को पूर्व डीजीपी कंवर निर्मल सिंह के पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने पार्सल आने का झांसा देकर उनसे एक कोड डायल करवाया। जैसे ही उन्होंने कोड डायल किया, ठगों ने उनका व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर लिया और ओटीपी हासिल कर उनके नंबर को अपने डिवाइस में लॉगिन कर लिया।
इसके बाद आरोपियों ने उनके व्हाट्सएप कॉन्टैक्ट्स को मैसेज भेजकर इमरजेंसी का हवाला देते हुए पैसों की मांग शुरू कर दी। इस दौरान एक पुलिस कर्मचारी गुलशन कुमार, जो पहले पूर्व डीजीपी के गनमैन रह चुके हैं, ठगों के झांसे में आ गए और 40 हजार रुपये आरोपियों के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
बिहार से आरोपी की गिरफ्तारी
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पंचकूला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज किया गया। साइबर एसएचओ युद्धवीर सिंह और जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर सौरभ सिंह के नेतृत्व में जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच में सामने आया कि ठगी की रकम बिहार के नालंदा निवासी राजेश कुमार के बैंक खाते में गई थी। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 29 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से 40 हजार रुपये की ठगी राशि भी बरामद कर ली गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस कमिश्नर की अपील
पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि पुलिस हर मामले में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ काम कर रही है, चाहे मामला किसी वरिष्ठ अधिकारी से जुड़ा हो या आम नागरिक से।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराधी नए-नए तरीकों से व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर रहे हैं।

इसलिए:
किसी के कहने पर कोई अनजान कोड डायल न करें
अपना ओटीपी किसी के साथ साझा न करें
यदि कोई परिचित अचानक व्हाट्सएप पर पैसों की मांग करे, तो पहले फोन कर पुष्टि जरूर करें
पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और साइबर ठगी से बचने के लिए जागरूक रहने की अपील की है।

बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो
Author: बाबूगिरी हिंदी ब्यूरो

बाबूगिरी हिंदी

virender chahal

Our Visitor

3 3 8 8 5 8
Total Users : 338858
Total views : 562027

शहर चुनें